बाराबंकी में रफ्तार का कहर: सड़क हादसों में दो की मौत, 11 लोग घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर/रामसनेहीघाट/जैदपुर, बाराबंकी, अमृत विचार। रविवार को जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में अधेड़ महिला समेत दो की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। फतेहपुर प्रतिनिधि के अनुसार फतेहपुर-भगोली मार्ग पर ग्राम खैरा के पास पिकअप ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।

हादसे में कमलेश कुमार (32) निवासी ककरहिया थाना रामपुर कला, सीतापुर की मौके पर मौत हो गई, जबकि संदीप कुमार (30) व उनकी पत्नी रीमा देवी (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हे गंभीर दशा में जिला अस्पताल भेजा गया। 

इसी तरह, फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में मोहम्मद नासिर, उनकी पत्नी मैनाज बानो, बेटे मोहम्मद अयान व मोहम्मद आसिफ, बेटी अनाया बानो और सास किस्मतुल निशा घायल हो गए। सभी घायल एक बाइक पर ही सवार थे जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में चल रहा है।

बड्डूपुर कोतवाली क्षेत्र के बहलीदपुर गांव निवासी लाल मोहम्मद ने कोतवाली पुलिस को बताया कि रविवार को उसकी मां रहीसुन 50 पत्नी जाबिर अली घर से अपने दामाद के साथ बड्डूपुर कस्बा में दवा लेने के बाद घर वापस जा रही थी, तभी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ महमूदाबाद मार्ग चंदौली धर्म कांटे के पास तेज रफ्तार बाइक सवार की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर रेफर किया लेकिन रास्ते में महिला की मौत हो गई। रामसनेहीघाट प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के संत सुमिरन दास कुटी के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठी 45 वर्षीय मंजू पत्नी संतोष गौतम गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जैदपुर प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा में अली अकबर कटरा के पास शनिवार की रात एक बेकाबू ट्रक छप्परनुमा घर में घुस गया। हादसे में घर में मौजूद अंबर व उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।

संबंधित समाचार