बाराबंकी में बारिश से लुढ़का पारा...उमस से निजात, किसान आमजन निहाल
बाराबंकी, अमृत विचार। भीषण उमस से बेहाल आमजन को सोमवार सुबह हुई बारिश ने निहाल कर दिया। पारा करीब तीन डिग्री लुढ़क गया और पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा। वहीं यह बारिश उन किसानों के लिए भी काफी फायदेमंद साबित हुई जो धान की फसल में पिछड़ गए थे और मौसम को देखते हुए फसल सूखने को लेकर परेशान थे। अब यह बारिश बालियों को पकने में पूरी मदद करेगी।
सोमवार की सुबह उमस की मौजूदगी को कुछ ही पलों में आसमान पर छाए बादलों ने हटाने का काम किया। सुबह सात बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी के बाद रिमझिम बारिश शुरु हुई तो यह 11 बजे तक अनवरत जारी रही। इसके बाद बारिश तो थम गई पर फुहार पड़ने का सिलसिला जारी रहा। धूप के न निकलने व बादलों के बने रहने से उमस न के बराबर रही। भीषण उमस से बिलबिलाए लोगों को मौसम के बदलाव ने खासी राहत दी वहीं पारा भी करीब तीन डिग्री लुढ़क गया।
कहीं धीमी तो कहीं तेज बारिश का यह दौर जिले के रामनगर, हैदरगढ़, रामसनेहीघाट, कुर्सी, फतेहपुर, सिरौली गौसपुर आदि इलाकों में भी जारी रहा। सोमवार की बारिश से सबसे ज्यादा खुश किसान नजर आया। खासकर धान की फसल लगाने में पिछड़े किसानों के लिए बारिश कारगर साबित हुई। आसमान से बरसा पानी धान की बालियों को पकने में पूरी मदद करेगा। वहीं जिनकी फसल तैयार है, उनके लिए बारिश अमृत से कमतर नहीं।
विदा होने की कगार पर मानसून की मेहरबानी को लेकर लोगबाग काफी खुश हैं। तपा देने वाली गर्मी के लिए जाने गए अगस्त सितंबर भर बारिश ने आमजन को सुकून के पल दिए हैं। उपकृषि निदेशक कृषि डीके सिंह ने बताया कि सोमवार को हुई बारिश से किसानो को फायदा ही फायदा है। इससे फसल को आगे बढ़ने में काफी मदद मिलेगी। इस तरह बारिश हुई तो फसल को किसी तरह का नुकसान नही है।
ये भी पढ़े : यूपी के जौनपुर में ट्रक को ओवरटेक करने के चलते बड़ा सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ के 4 श्रद्धालुओं की मौत, 9 घायल
