Hamirpur News: बंदी की जेल में हत्या, डिप्टी जेलर समेत 7 पर हत्या की रिपोर्ट
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिला कारागार में बंदी की पीट.पीटकर हत्या के मामले में मृतक बंदी की पत्नी की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को डिप्टी जेलर समेत सात व एक अन्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस अधीक्षक डा.दीक्षा शर्मा ने मंगलवार को बताया कि मृतक बंदी अनिल दिवेदी की पत्नी पूजा द्विवेदी की तहरीर पर जेलर चंदीला डिप्टी जेलर संगेश जेल वार्डन अनिल यादव लंबरदार दिलीप शफी मुहम्मद दीपक राइटर विनय सिंह व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
डिप्टी जेलर चंदीला को कल देर रात ही निलंबित कर दिया गया था। मृतक बंदी की पत्नी पूजा ने अधिकारियों को बताया कि वह पति से तीन दिन पहले जेल में मिलायी करने गयी थी तो उसके पति ने उससे कहा था कि यदि वह बीस हजार रुपये का प्रबंध नहीं करेगी तो उसका जीवन खतरे में है। उसने उसी दिन पति को 6500 रुपये दिये थे, जिसे वह बाकी पैसे जल्दी भिजवाने को कहा था।
उसके पति ने बताया था कि उसे रोज पैसे के लिये प्रताडित किया जाता है। इसके बाद पति की पीट पीट कर हत्या कर दी गयी है, वही आज डीआईजी जेल राजेश श्रीवास्तव ने स्थानीय जेल में आकर सभी कैदियों से पूछताछ की है,कैदियो ने जेल प्रशासन पर कई प्रश्न उठाये है।
वहीं सपा लखनऊ ने एक्स पोस्ट पर भाजपा पर करारा प्रहार करते हुये कहा है कि जेल में भी कैदी सुरक्षित नही है, भाजपा के शासन काल में जेलो में जंगलराज कायम है। कैदियो ने डीआईजी को बताया कि स्थानीय जेल की शिकायते पहले भी प्रशासन से की गयी है जिसमे जेल के अन्दर धन वसूली की जाती है।
आज ब्राह्मण एकता परिषद के सदस्यो ने जेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। वही पीडित के गांव सूरजपुर जाकर एड़ीएम एएसपी व भाजपा विधायक समेत कई लोगो ने परिवार के सदस्यों को ढाढस बंधाया है। प्रशासन ने कहा है कि परिवार को आर्थिक सहायता के साथ पीएम आवास भी दिलाया जायेगा।
