आबादी के लिहाज से संसाधन की कमी बनी बिजली आपूर्ति में संकट, 6429 ट्रांसफार्मरों से साढ़े पांच लाख लोगों को आपूर्ति

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

पॉवर कॉर्पोरेशन हर साल गर्मी में साबित होता है नाकाम

अयोध्या, अमृत विचार : जिले में करीब साढ़े पांच लाख बिजली उपभोक्ता हैं।जिन्हें 6,429 ट्रांसफार्मरों के माध्यम से आपूर्ति की जा रही है। पारा चढ़ने के साथ ही बढ़ रही बिजली की खपत से आपूर्ति व्यवस्था में शामिल ये ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो चुके हैं। छोटे और बड़े ट्रांसफार्मर अपनी क्षमता से अधिक सप्लाई दे रहे हैं। इस वजह से ट्रिपिंग शुरू हो गई है। लोड और अधिक हुआ तो यह ट्रांसफार्मर फुंकेंगे और अलग-अलग इलाकों में बिजली संकट गहराएगा। पॉवर कॉर्पोरेशन के इंजीनियरों ने भी जगह-जगह रखें काफी ट्रांसफार्मरों को ओवरलोड माना है। घरों में एसी-कूलर, फ्रिज का इस्तेमाल बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर सीधा लोड पड़ रहा है।

जिले में 250 केवीए से लेकर 630 केवीए की क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों से घरों, दुकानों और फैक्ट्रियों समेत संस्थानों को बिजली दी जाती है। अधिकतर ट्रांसफार्मर 400 केवीए के हैं, जो ओवरलोड हो चुके हैं। ट्रांसफार्मर से निकलने वाले कुल करंट का 80 प्रतिशत तक पहुंचने पर वह ओवरलोड हो जाता है और मानकों के मुताबिक इसे बदल देना जरूरी हो जाता है। सेवानिवृत्त तकनीकि अभियंता महेश चौरसिया बताते हैं कि 630 केवीए के ट्रांसफार्मरों में अधिकतम करंट 838 एंपियर तक होता है और 80 प्रतिशत यानी 670 एंपियर तक करंट पहुंचने पर इसे बदल दिया जाना चाहिए, लेकिन ओवरलोड ऐसे ट्रांसफार्मरों में करंट का लोड 721 एंपियर तक पहुंच रहा है।

इसी तरह 400 केवीए ट्रांसफार्मर में 425 एंपियर के बजाय लोड 635 एंपियर तक और 250 केवीए के ट्रांसफार्मरों में मानक लोड 266 एंपियर के बजाय 350 एंपियर तक पहुंच गया है। कहा कि इस वजह से बार-बार ट्रिपिंग और बिजली जाने की समस्या शुरू हो चुकी है। पीक टाइम खासकर रात में दिक्कतें बढ़ेंगी, जिससे घनी आबादी में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ट्रांसफार्मरों के फुंकने पर बिजली घंटों गुल रहेगी तो बिजली के साथ पानी संकट की आशंका रहेगी।

इस बार गर्मी अधिक हो रही इसलिए दिक्कत ज्यादा दिख रही है। ट्रांसफार्मरों की क्षमता और संख्या निरंतर बढ़ाई जा रही है। सामान्य आपूर्ति का सदैव प्रयास रहता है।
-बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता वितरण

संबंधित समाचार