बाराबंकी : राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में RMLNLU लखनऊ विजेता, क्वांटम विश्वविद्यालय बनी उपविजेता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सतरिख स्थित टीआरसी लॉ कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय 5वीं टीआरसी राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 का फाइनल राउंड, सेमीफाइनल एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ शनिवार को सम्पन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में टीम 8 डॉ. राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, लखनऊ विजेता रही, जबकि क्वांटम विश्वविद्यालय, उत्तराखंड की टीम उपविजेता घोषित हुई।

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र सहित कई विश्वविद्यालयों की 22 टीमों ने प्रतिभाग किया। सेमीफाइनल में टीम 08, टीम 19, टीम 12 एवं टीम 15 के बीच कड़े मुकाबले के बाद टीम 08 और टीम 12 ने फाइनल में प्रवेश किया। निर्णायक मण्डल में पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना पांड्या, चीफ स्टैंडिंग काउंसिल सवित्र वर्धन सिंह, प्रो. (डॉ.) अजय कुमार सिंह एवं एडवोकेट विधि पांड्या शामिल रहे।

निर्णायकों ने प्रतिभागियों की तर्कशक्ति और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कानूनी बहस में निरंतर अभ्यास पर जोर दिया। फाइनल में दोनों टीमों ने संवैधानिक एवं विधिक मुद्दों पर प्रभावी दलीलें प्रस्तुत कीं। विजेता टीम को 21,000 रुपये नकद, ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं एससीसी ऑनलाइन का एक वर्ष का निःशुल्क सब्सक्रिप्शन प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता टीम को 11,000 रुपये, ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं सब्सक्रिप्शन दिया गया।

बेस्ट रिसर्चर का पुरस्कार टीम कोड 21, बेस्ट स्पीकर टीम कोड 02 तथा बेस्ट मेमोरियल टीम कोड 13 को मिला। कार्यक्रम में कॉलेज अध्यक्ष डॉ. सुजीत चतुर्वेदी, प्राचार्य डॉ. अश्वनी कुमार गुप्ता, समन्वयक डॉ. वीर विक्रम सिंह सहित अनेक शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार