बाराबंकी : उर्वरक व कीटनाशक बिक्री केंद्रों का जेडी ने किया औचक निरीक्षण, एक विक्रेता का लाइसेंस किया गया निलंबित
बाराबंकी, अमृत विचार। संयुक्त निदेशक (जेडी) कृषि अयोध्या मंडल एके मिश्रा ने शनिवार को जनपद के उर्वरक व कीटनाशक बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दो उर्वरक बिक्री केंद्रों, दो उर्वरक विनिर्माण इकाइयों व एक कीटनाशक विनिर्माण इकाई की जांच की। मेसर्स बीएम सेल्स, फुटकर उर्वरक बिक्री केंद्र असेनी मोड़ पर स्टॉक व बिक्री रजिस्टर का मिलान किया गया तथा कृषकों से उर्वरक प्राप्ति की जानकारी ली गई।
विक्रेता को 10 मई से फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण संख्या बिक्री पंजिका में अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। केंद्र पर कोई नॉन सब्सिडी स्टॉक नहीं पाया गया। कुरौली स्थित मेसर्स नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड केंद्र पर यूरिया बिक्री एवं अभिलेखों की जांच की गई। जहां नकद बिक्री नहीं होने तथा नॉन सब्सिडी स्टॉक न पाए जाने की पुष्टि हुई।
इसके अलावा वंश ग्रुप्स ऑफ कंपनीज एवं रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की उर्वरक विनिर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर 3 उर्वरक नमूने लिए गए तथा उत्पादन व बिक्री अभिलेखों की जांच की गई। वहीं देवा रोड पारा खंदौली स्थित मेसर्स समर्थ मान एग्रो केम प्रा.लि. की कीटनाशक इकाई से भी एक नमूना संग्रहित किया गया।
इसी क्रम में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए उर्वरक निरीक्षक देशराज द्वारा हैदरगढ़ व नवाबगंज क्षेत्र के छह बिक्री केंद्रों का निरीक्षण कर दो नमूने लिए गए। जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने बताया कि मेसर्स आकाश खाद भंडार सुबेहा द्वारा अधिक मात्रा में यूरिया बिक्री पाए जाने पर उसका उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जांच आख्या वरिष्ठ प्राविधिक सहायक देशराज को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान संयुक्त कृषि निदेशक ने सभी विक्रेताओं को रेट व स्टॉक बोर्ड लगाने, निर्धारित मूल्य पर बिना टैगिंग के उर्वरक देने व कृषकों का पूर्ण विवरण बिक्री रजिस्टर में दर्ज रखने के सख्त निर्देश दिए।
