गोंडा में छेड़खानी कर रहे ई रिक्शा चालक को महिला ने चप्पलों से पीटा, विडियो में हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया आरोपी
गोंडा, अमृत विचार: नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर चौराहे पर सामान खरीद रही महिला से छेड़खानी करना ई रिक्शा चालक को भारी पड़ गया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए रिक्शा चालक को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। रिक्शा चालक की पिटाई होता देख मौके पर भीड़ जुट गयी। हालांकि पिटने के बाद रिक्शा चालक हाथ जोड़कर महिला से माफी मांगता नजर आया। पिटाई और माफी मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला मंगलवार की शाम अंबेडकर चौराहे के के समीप स्थित आधार सेवा केंद्र के पास खड़ी होकर की समान की खरीददारी कर रही थी। इसी बीच एक ई रिक्शा चालक महिला के बगल में पहुंचा और उससे छेड़छाड़ करने लगा। महिला का आरोप है कि रिक्शा चालक शराब के नशे में था और उससे कह रहा था कि मोबाइल ले लो, हमसे बात करो पैसा न हो तो हमसे पैसा ले लो।
पहले तो महिला ने उसे नजरअंदाज करने की कोशिश लेकिन जब वह गाली गलौज करने लगा तो महिला का धैर्य जवाब दे गया। उसने हिम्मत दिखाते हुए रिक्शा चालक को पकड़ लिया और चप्पलों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। रिक्शा चालक को पिटता देख मौके पर भीड जुट गयी। मामला उल्टा पड़ता देख रिक्शा चालक ने महिला से हाथ जोड़कर माफी मांगी। इसके बाद महिला अपने घर चली गयी। रिक्शा चालक की पिटाई का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस संबंध में जब नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी से जानकारी की गयी तो उन्होने कहा कि इनके पास किसी ने शिकायत नहीं की है।
