अमेठी में रोडवेज परिचालकों का विरोध: हमलों से नाराज कर्मचारियों ने रोकी बसें, किया जोरदार प्रदर्शन
अमेठी। स्थानीय रोडवेज डिपो में बुधवार सुबह से बस सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं। चालक और परिचालक हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि अन्य जिलों में उनके साथ मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं। मंगलवार की देर शाम प्रयागराज डिपो में अमेठी डिपो के एक परिचालक की पिटाई की गई थी। इससे दो दिन पहले लखनऊ डिपो में भी अमेठी के चालक- परिचालक के साथ मारपीट हुई थी।
कर्मचारियों ने मारपीट करने वाले चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। चालक-परिचालकों ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय दिया है। उनका कहना है कि यदि इस दौरान कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर चले जाएंगे।
कर्मचारियों की मांग है कि उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एआरएम काशी प्रसाद ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एफआईआर दर्ज की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
