पहले जीताया, फिर हरवाया...एक साल से ऑनलाइन गेमिंग की लत में था यश
लखनऊ, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के धनुवासाढ़ गांव में ऑनलाइन गेमिंग में 13 लाख रुपये हारने के बाद कक्षा-6 के छात्र यश की आत्महत्या के मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने जांच की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। शुरुआती पड़ताल में सामने आया कि छात्र करीब एक साल से ऑनलाइन गेम की लत में था। जालसाजों ने पहले उसे शुरुआत में कई बार में 30-40 हजार रुपये जीता दिए।
साइबर ठग उसे अधिक रुपये जीतने का ख्वाब दिखाकर मोटी रकम लगाने के लिए उकसाने लगे। लालच में छात्र धीरे-धीरे कर करीब 13 लाख रुपये तक हार गया। एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि छात्र का मोबाइल कब्जे में लिया गया है। काफी डाटा डिलीट है। उसे बरामद करने के लिए मोबाइल विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया गया है। डाटा रिकवर होने के बाद कई और तथ्य सामने आएंगे। एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्ट रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आया है।
वहीं, मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद यश का शव घर आया गया। घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। मां बेटे का शव देखते ही बेहोश हो गयी। यह देख पड़ोसी व रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला और शांत कराया। माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूटता देख हर किसी की आंखें नम थी। अपने इकलौते बेटे को गंवाने के बाद सुरेश की आंखों से आंसू नहीं रुके और मां विमला बिलखती रही। ग्रामीण किशोर की आत्महत्या के कारणों की चर्चा करते दिखे और ऑनलाइन गेमिंग को लेकर चिंता जताई।
टीचर व स्टॉफ पहुंचे घर
यश की मौत की खबर मिलते ही मंगलवार को स्कूल में छुट्टी कर दी गयी थी। दोपहर में स्कूल टीचर व स्टॉफ घर पहुंचे और परिवारवालों को हिम्मत दी। क्लॉस टीचर ने बताया कि यश पढ़ाई में बहुत अच्छा था। अपना सारा काम वक्त पर करता था। उम्मीद ही नहीं थी कि यश ऑनलाइन गेम के जाल में फंस रहा है। साथी दोस्तों ने बताया कि सूचना पर यश जिस कोचिंग में पढ़ता था, वह भी आज बंद रही।
ऑनलाइन गेमिंग के खिलाफ गांव में चलेगा जागरुकता अभियान
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई बच्चे आनलाइन गेम की लत में हैं। वहीं, स्कूल में भी कई बच्चे गेम के लती हैं। यह जानकारी ग्रामीणों ने शाम को गांव पहुंचे एसीपी रजनीश वर्मा को दी। एसीपी ने बताया कि गांव और स्कूलों में जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान में बच्चों और युवाओं को गेम कैसे छोड़े? इसकी जानकारी दी जाएगी।
भारत के आनंद वेलुकुमार स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप विजेता बन रचा इतिहास, सीएम योगी ने दी बधाई
