सोना-बाबू, लव यू पढ़कर महिला आगबबूला...पति का दूसरी महिला से प्रेम संबंध, पता चलने पर जहर खाकर दी जान 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कानपुर, अमृत विचार। पति के मोबाइल पर चैटिंग में सोना-बाबू, लव यू पढ़कर महिला आगबबूला हो गई। पति से चैटिंग के बारे में पूछा तो कलह की नौबत आई। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई और दुखी महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला के परिजनों ने आरोपी पति के खिलाफ नौबस्ता थाने में तहरीर दी है। 

नौबस्ता के यशोदानगर राजीवनगर निवासी मुकेश दुबे पेंसिल कंपनी में मैनेजर हैं। उसकी 14 साल पहले रसूलाबाद की 38 वर्षीय राधादेवी से शादी हुई थी। उनके दो बच्चे नविका व रिकेश हैं। राधादेवी के भाई रसूलाबाद के भीखदेव निवासी योगेश तिवारी ने बताया कि सोमवार रात उनकी भांजी नविका ने उन्हें फोन कर बताया कि मम्मी ने जहर खा लिया है। उनकी हालत गंभीर है।

इस पर तत्काल राजीवनगर के लिए निकल पड़े। वहां पहुंचने पर पता चला कि मुकेश बहन को कई निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने गंभीर बताकर भेज दिया। सीसीआर हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने राधादेवी को मृत घोषित कर दिया। 

योगेश के अनुसार जबसे बहन को पति का दूसरी महिला से संबंध का पता चला था, उनके बीच मारपीट की घटनाएं बढ़ गई थीं। मुकेश आएदिन बहन से मारपीट करने लगा था। जिससे दुखी होकर उसने यह कदम उठाया। योगेश ने बताया राधादेवी ने पति के मोबाइल पर दूसरी महिला से चैटिंग देख ली थी। 

जिसमें लिखा था कि बेबी कितने पैसे चाहिए, त्योहार पर क्या लेना है, लव यू, इसके अलावा प्रेम के कई प्रतीकात्मक मैसेज भी भेजे गए थे। जिसका उसी तरह जवाब भी आया था। योगेश के अनुसार बहनोई का दूसरी महिला से संबंध व मारपीट के कारण बहन ने जान दी है। जिसकी तहरीर नौबस्ता पुलिस को दी है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच कर तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े : सीएम योगी ने किया ऐलान: UP में आंगनबाड़ी बहनों को मिलेगा स्मार्टफोन, बढ़ेगा मानदेय

संबंधित समाचार