कूड़ा फेंकने गए बुजुर्ग की खुले नाले में गिरकर हुई मौत, 1 किमी दूर नाले में फंसा मिला शव 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कानपुर, अमृत विचार। नवाबगंज के परमियापुरवा स्थित खुले नाले में गिरकर बुजुर्ग की जान चली गई। कई घंटे बीतने के बाद भी जब बुजुर्ग घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तलाश हो रही थी, तभी करीब एक किमी दूर चिड़ियाघर तिराहा पर नाले में बुजुर्ग का शव फंसा मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। 

परमियापुरवा के अंबेडकर ख्योरा निवासी 69 वर्षीय रज्जन लाल की पंचर की दुकान थी, लेकिन अस्वस्थ होने के कारण इस समय घर पर ही रह रहे थे। उनकी पत्नी सौभाग्यवती फजलगंज स्थित फैक्ट्री में नौकरी करती हैं। परिवार में एक बेटा आशीष, तीन बेटियां सोनी, मोनी व पूजा हैं। सभी शादीशुदा हैं। 

आशीष परिवार के साथ कल्याणपुर स्थित बारासिरोही में रहता है। बेटे ने बताया कि पिता ने चार जून को पथरी का ऑपरेशन कराया था। अस्पताल से घर आने पर डॉक्टर ने आराम की सलाह दी थी। 25 दिन पहले दोबारा चेकअप कराया तब डॉक्टर ने चलने के लिए कहा। उसके बाद पिता घर का कुछ काम करने लगे थे। 

मंगलवार दोपहर पिता ने घर में सफाई की थी। एक बोरी में कुछ कूड़ा भरकर उसे फेंकने निकले थे, लेकिन कई घंटे बीतने पर घर नहीं लौटे, इस पर खोजबीन शुरू की गई। कूड़ा की बोरी घर से कुछ दूरी पर नाले के पास पड़ी मिली। पिता की तलाश चालू थी, इसी बीच सूचना मिली कि चिड़ियाघर तिराहा पर नाले में बुजुर्ग का शव फंसा देखा गया है। 

खबर पाकर परिजन पहुंचे तो शव देखकर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर नवाबगंज पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और परिजनों से पूछताछ के बाद मोर्चरी भेजा। आशीष के अनुसार कूड़ा फेंकने के दौरान खुले नाले में गिरकर पिता की जान गई है। बारिश के कारण नाले के आसपास जमीन पर फिसलन है, जिससे रपटकर वह नाले में गिरे हैं। 

खुले सीवर लाइन में गिरा बच्चा संभालकर निकला 

लालबंगला स्थित ओमपुरवा वार्ड 29 में सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण में ठेकेदार की अनदेखी से बड़ा हादसा बच गया। निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार ने सीवर लाइन खुली छोड़ दी और उसमें एक बच्चा गिर गया। गनीमत रही कि बच्चे ने संभलकर खुद को सुरक्षित निकाल लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो वायरल होने पर पता चला। पता चला कि सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार के ट्रैक्टर से सीवर लाइन का एक हिस्सा टूट गया था, जिसे मरम्मत नहीं कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसकी शिकायत भी की गई थी। 

वहीं बच्चा खेलते हुए पहुंचा और गिर गया, लेकिन किसी तरह संभालकर बाहर निकल आया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नगर निगम और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाकर हो-हल्ला भी किया। कहा कि किसी हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है। न मरम्मत कराई गई और न ही बैरिकेडिंग की गई। लोगों ने जांच कराकर संबंधित ठेकेदार व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

ये भी पढ़े : बुजुर्ग की हत्या का 6 महीने बाद खुलासा, पकड़े जाने के डर से नशेड़ी ने गला दबाकर वृद्धा की ली जान

 

 

संबंधित समाचार