लखीमपुर खीरी : झोलाछाप के गलत इंजेक्शन से 15 वर्षीय किशोर की मौत
जंगबहादुर गंज, अमृत विचार। झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ नोटिस पर नोटिस देने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ढिलाई के चलते फिर एक मासूम की जान चली गई। गांव गनेशापुर निवासी 15 वर्षीय हिमांशु की मौत एक झोलाछाप द्वारा लगाए गए गलत इंजेक्शन से हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे हिमांशु पुत्र विमलेश बुखार की शिकायत पर गांव के ही झोलाछाप विकास राठौर के क्लीनिक कुईयाखेड़ा गया था। विकास ने दवाइयां और इंजेक्शन लगाए, जिससे हिमांशु की तबीयत और बिगड़ गई। पिता विमलेश ने जब डॉक्टर से कहा कि कोई लाभ नहीं दिख रहा, तो विकास ने दोबारा दवाइयां और इंजेक्शन दे दिए। इसके बाद बच्चे की हालत नाजुक हो गई।
परिजन उसे मोहम्मदी ले गए, जहां से चिकित्सकों ने शाहजहांपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही हिमांशु ने दम तोड़ दिया। पिता विमलेश ने थाना पसगवां पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।उन्होंने कहा कि विकास के गलत इलाज के कारण उनके पुत्र की जान गई।
पसगवां सीएचसी अधीक्षक डॉ. अश्विनी वर्मा ने बताया कि मामला अब संज्ञान में आया है। कल जांच टीम बनाकर कार्रवाई की जाएगी।इंस्पेक्टर कोतवाली पसगवां ने कहा कि क्लीनिक पर इलाज के बाद बालक को मोहम्मदी ले जाया गया, जहां से शाहजहांपुर रेफर करने के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
