जगन्नाथपुरी तीर्थ यात्रा पर निकले बलरामपुर के श्रद्धालु हादसे का शिकार, एक की मौत...कई घायल
बस दुर्घटना में रामदेव मिश्र की मौत, दर्जनों श्रद्धालु घायल, वर्धमान मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
बलरामपुर, अमृत विचार। जगन्नाथपुरी जा रहे बलरामपुर जनपद के तीर्थयात्रियों से भरी बस बुधवार सुबह पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गुरप थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में कटरा पिपराघाट निवासी 45 वर्षीय रामदेव मिश्र पुत्र दीनानाथ मिश्र की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए।
जिला प्रशासन द्वारा पुष्टि किए गए घायलों में बरायल निवासी धनीराम, उतरौला के अब्दुल अजीम, मगईपुर की लीलावती व सहरल प्रजापति, गोकुरम नगर की शांति देवी, अमारेभरिया के दयानंद वर्मा, देवरिया मैनहा के केसरीनंदन मिश्र, रेहरा बाजार नौशहरा की कमला देवी व गोकुलनगर के रामफल वर्मा शामिल हैं। सभी को वर्धमान मेडिकल कॉलेज, पश्चिम बंगाल में भर्ती कराया गया है।
यह जत्था पेड़रिया गांव निवासी मुश्ताक प्रधान की बस से 9 सितम्बर को रवाना हुआ था, जिसमें उतरौला क्षेत्र के करीब 100 यात्री सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में अफरातफरी मच गई और गांवों में शोक का माहौल छा गया।
जिला प्रशासन ने नौ श्रद्धालुओं के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की है, जबकि परिजनों के अनुसार इटवा की कमला, केराडीह के शिवनरेश शुक्ल, देवरिया मैनहा की ऊषा मिश्र, मगईपुर की बच्ची देवी, धौरहरा निवासी जगदीश व उनकी पत्नी बच्ची देवी, अमारेभरिया की बड़की सहित अन्य कई श्रद्धालु भी घायल बताए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय लगातार हुगली प्रशासन और परिजनों से संपर्क में हैं। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 05263-236250 व 9161599000 जारी किए हैं, जिन पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
