नेपाल सीमा तक जाएगी भारतीय रेल: नानपारा-नेपालगंज रेलवे स्टेशन तक विद्युतीकरण समेत अन्य कार्य हुआ पूरा

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : भारतीय रेल एक बार फिर नेपाल सीमा तक जायेगी। जिसका फायदा यात्रियों को मिलना तय है। नानपारा-नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन तक रेल लाइन, विद्युतीकरण समेत अन्य कार्य को पूरा कर लिया गया है। 19.33 किमी लंबे इस नवनिर्मित रेलखण्ड का दो दिवसीय निरीक्षण आज से शुरू होगा। उत्तर पूर्व सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त इस रेलखण्ड का निरीक्षण करेंगे। वहीं कल इसका स्पीड ट्रायल होगा जिसके बाद इस पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसका निरीक्षण कल यानी 18 सितंबर से उत्तर पूर्व सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त करेंगे

दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड स्टेशन के बीच आमान परिवर्तन परियोजना (छोटी से बड़ी लाइन) का कार्य होना था, 56.15 किमी इस रेलखण्ड में बहराइच से नानपारा के बीच पहले ही कार्य पूरा हो चुका था। शेष रहे नानपारा-नेपालगंज रोड के मध्य 19.33 किमी का कार्य अब पूरा हुआ है।

पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया है कि आमान परिवर्तन का यह काम पूरा हो जाने के बाद ब्रॉड गेज के नेटवर्क से नानपारा - नेपालगंज रेलवे स्टेशन भी जुड़ गया है। नानपारा-नेपालगंज रोड रेलखण्ड पर 1 बड़ा पुल, 10 छोटा पुल,3 समपारों पर सीमित ऊंचाई का सब-वे बनाया गया है।

उन्होने बताया कि रेल सम्पर्क को मजबूत होने से इसका फायदा यात्रियों को होगा, साथ ही माल यातायात की चुनौतियां भी कम होगी। रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर पूर्व सर्किल 18 और 19 सितम्बर को इस नवनिर्मित आमान परिवर्तित नानपारा-नेपालगंज रोड रेलखण्ड का निरीक्षण करेंगे और 19 सितम्बर को स्पीड ट्रायल किया जायेगा। इस दौरान कई सीनियर अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

रेल प्रशासन ने जारी की अपील

रेल प्रशासन का आमजन से अनुरोध है कि निरीक्षण और स्पीड ट्रायल के दौरान इस नवनिर्मित आमान परिवर्तन रेलखण्ड पर न तो स्वयं जायें, न ही अपने पशुओं को जाने दें। जिससे ट्रायल के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो।

निरीक्षण करने पहुंची लखनऊ की टीम

बुधवार को प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर संजय सिंघल ने मुख्य विद्युत इंजीनियर/निर्माण ओपी. सिंह और लखनऊ मण्डल के अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (परिचालन) नीतू, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर धनन्जय मिश्रा के साथ नानपारा-नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के बीच नई विद्युतीकृत लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल कर्मचारियों को विद्युतीकृत रेल लाइन पर संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विषम परिस्थितियों में कार्य करने की तकनीकी बतायी। उन्होंने सभी तकनीकी पहलुओं की जांच के साथ-साथ स्टेशन पर विद्युतीकरण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया है।

ये भी पढ़े :  उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी: दूध, पनीर, घी और बटर के दामों में भारी कटौती... जानिए कितने घट गए रेट

संबंधित समाचार