Moradabad : तमंचे की नोक पर किया युवती का अपहरण, एसएसपी के आदेश पर FIR
मुरादाबाद, अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र के नेकपुर गांव निवासी युवक ने सिविल लाइंस क्षेत्र से बेटी के अपहरण की शिकायत एसएसपी सतपाल अंतिल से की है। शिकायत पर एसएसपी ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए, जिसके बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाना भोजपुर क्षेत्र गांव नेकपुर निवासी युवक ने एसएसपी सतपाल अंतिल को शिकायत पत्र देकर बताया कि उसकी बेटी सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक निवासी उसकी बहन के घर रहती है। पीड़ित पिता के अनुसार बीती 15 सितंबर के उसकी बहन ने उसे फोन पर जानकारी दी कि उसकी बेटी को गांव में रहने वाला मनेश कश्यप तमंचे के बल पर जबरदस्ती उठाकर ले गया है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी मनेश दबंग व बदमाश किस्म का व्यक्ति है। पीड़ित के अनुसार वह उसी समय थाने में रिपोर्ट लिखवाने गया था, लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं है। जिसके बाद उसने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी सतपाल अंतिल ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को एफआईआर के आदेश दिए। इस संबंध में सिविल लाइंस थाना के प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
