Rampur : ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत
रामपुर,अमृत विचार। ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर एक बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।इलाज को लेकर जाते समय उसकी मौत हो गई।
नगर के मोहल्ला बाजार कलां निवासी सुमित रस्तोगी 32 वर्षीय नगर में ज्वैलर्स की दुकान चलता था। बुधवार अपराह्न 3 बजे वह साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदने गया था। वहां से लौटते समय नगर के अंतरिम मार्ग पर अचानक एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की चीख पुकार सुनकर घटना स्थल पर स्थानीय लोगों सहित राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आनन-फानन में घायल को उठाकर उसे एम्बुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया। लेकिन, घायल ने इलाज को लेकर जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिवार में हुई अचानक मौत से कोहराम मच गया तथा रोते बिलखते परिजन सीएचसी पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मृतक के विवाह को दस वर्ष हो गए थे।
उसकी एक 8 वर्ष की बेटी भी है। घरेलू विवाद के चलते मृतक की पत्नी करीब छह वर्ष से मायके में रह रही है। प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि अभी इस प्रकरण में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उधर, दोनों पक्षों में आपसी समझौता चल रहा है। जबकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार कर दिया है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवाने का प्रयास कर रही है।
