Moradabad : मझोला पुलिस के खिलाफ फूटा गुस्सा, आक्रोशित ग्रामीणों का एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना मझोला क्षेत्र के ग्राम मंगू पुरा निवासी प्रेमचंद ने अपने पुत्र रतन सिंह पर दर्ज झूठे मुकदमे के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों की भारी संख्या के साथ एसएसपी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग उठाई। एसएसपी ने शिकायत सुनने के बाद मामले की जांच सीओ सिविल लाइंस को सौंप दी है।

बसपा नेता चंदन सिंह रैदास के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 9 सितंबर की रात रतन सिंह खाना खाने के बाद घर से बाहर घूमने निकला था। इसी दौरान सेक्टर-14 स्थित होली चौक के पास क्षेत्र के तीन युवक मनीष सिक्का, राज पाठक और गजेंद्र पाल ने उससे गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की। 

पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत मझोला पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने आरोपियों से सांठगांठ कर उल्टा रतन सिंह व उसके परिजनों पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने एसएसपी से मुकदमा निरस्त करने और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। एसएसपी ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

संबंधित समाचार