Employment Fair: रोजगार मेले में 643 अभ्यर्थियों का हुआ चयन, 5000 अभ्यर्थी हुए शामिल
बाराबंकी, अमृत विचार। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को कॉलेज परिसर में एकदिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह मेला सुबह 10:00 बजे से शुरू हुआ, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने भाग लिया। इस रोजगार मेले में कुल 17 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया और युवाओं को विभिन्न पदों पर रोजगार का अवसर प्रदान किया।
मेले में लगभग 5000 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें से 1109 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया। प्रक्रिया के पश्चात कुल 643 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सीताराम सिंह ने सभी आगंतुकों, कंपनियों के प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने करियर काउंसलिंग के माध्यम से छात्रों को मार्गदर्शन दिया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी धर्मेंद्र एवं अपर सांख्यिकीय अधिकारी सुनील कुमार ने भी उपस्थित अभ्यर्थियों का स्वागत करते हुए रोजगार के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
