पीलीभीत: भाकियू भानु पदाधिकारी और चेयरमैन पति में विवाद, दोनों पक्षों का थाने में धरना

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: भाकियू भानु के अल्पसंख्यक विंग जिलाध्यक्ष और नगर पंचायत नौगवां पकड़िया के चेयरमैन पति के बीच विवाद हो गया। चेयरमैन पति ने अपशब्दों का इस्तेमाल कर धमकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर सुनगढ़ी थाने में दी। वहीं, भाकियू भानु नेताओं ने सुनगढ़ी थाने में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद देर शाम चेयरमैन पति समेत चार के खिलाफ कार्यालय में बुलाकर मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद देर शाम चेयरमैन पति के समर्थन में भी तमाम लोग सुनगढ़ी थाने पहुंचे और थाना परिसर में ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसे लेकर मामला गरमाया रहा। 

घटना गुरुवार की है। नगर पंचायत नौगवां पकड़िया की चेयरमैन संदीप कौर के पति संतोख सिंह संधू पुत्र गुलजार सिंह संधू ने सुनगढ़ी थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी जोकि नौगवां पकड़िया नगर पंचायत की चेयरमैन हैं। चेयरमैन के लिए इस्लामनगर निवासी निसार पुत्र लल्लू शाह ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया था, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके पास अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई थी। जिस पर उन्होंने निसार शाह को बुलाकर बात की तो आरोप है कि उनके साथ अभद्रता की गई और गोली मारने की धमकी दी। निसार शाह से खुद की व परिवार की जान को खतरा बताया। ये भी कहा कि अभद्र भाषा की रिकॉर्डिंग इंस्पेक्टर सुनगढ़ी के सीयूजी नंबर पर पहले ही भेज दी गई है।  उधर, दोपहर में भारतीय किसान यूनियन भानु के कई कार्यकर्ता सुनगढ़ी थाने पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया।  नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया गया और फिर एक तहरीर चेयरमैन पति समेत अन्य के खिलाफ पुलिस को दी गई है। ये तहरीर नासिर शाह की तरफ से दी गई है।

495

जिसमें भाकियू भानु जिलाध्यक्ष भजन लाल क्रोधी, तहसील अध्यक्ष नंद किशोर राठौर, मंडल अध्यक्ष लालू मिश्रा, संगठन मंत्री माखनलाल समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।  इसमें बताया गया कि 18 सितंबर की दोपहर 12 बजे चेयरमैन पति ने उन्हें कॉल कर बुलाया। इस पर भाकियू भानु के अल्पसंख्यक विंग जिलाध्यक्ष नासिर शाह के पहुंचते ही चेयरमैन पति संतोख सिंह संधू,  सभासद जाहिद, सलीम और अनवार ने अभद्रता कर मारपीट की। शोर मचाने पर कुछ लोग जमा हो गए और फिर वह मौका पाकर निकले। उन्होंने भी जान का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सुनगढ़ी पुलिस ने चेयरमैन पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इधर, देर शाम चेयरमैन पति के समर्थन में काफी लोग सुनगढ़ी थाने पहुंच गए और परिसर में ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। उनकी मांग है कि चेयरमैन पति की ओर से दी गई तहरीर पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और जानकारी की। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है।

संबंधित समाचार