बाराबंकी: बीएलओ ड्यूटी न करने पर दो शिक्षिकाएं निलंबित, बीएसए ने की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीईओ को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश

बाराबंकी, अमृत विचार। कई बार नोटिस, निर्देश के बावजूद बीएलओ की ड्यूटी न करने वाली दो शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया गया। बीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि इन दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। दोनों टीचरों ने ड्यूटी से किनारा तो किया ही एप पर लागिन तक नहीं किया। निर्वाचन से जुड़े कार्य को लेकर घोर लापरवाही से नाराज होकर बीएसए ने यह कार्रवाई की है।    

बताते चलें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 19 अगस्त से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। इस कार्य के लिए बीएलओ की तैनाती करते हुए सर्वे कार्य कराया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की संख्या सबसे ज्यादा रही जिन्होने ड्यूटी से किनारा किया। 33 शिक्षकों को अंतिम नोटिस दी गई, जिसका असर दिखा। इसके बावजूद खंड शिक्षा अधिकारियों से बराबर मिल रही रिपोर्ट के अनुसार विकास खंड मसौली की दो शिक्षिकाओं ने सिरे से किनारा कर लिया।

ब्लाक मसौली के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बड़ागांव में तैनात सहायक अध्यापिका सीमा वर्मा व प्राथमिक विद्यालय बघौरा में सहायक अध्यापिका अनीता रावत ने एक माह बीतने के बावजूद न बीएलओ ड्यूटी ज्वाइन की न ही बीएलओ एप ही लागिन किया। बीएसए ने शुक्रवार को इन दोनों शिक्षिकाओं को निलंबित करते हुए ब्लाक मुख्यालय से अटैच करने का निर्देश जारी किया। साथ ही बीईओ को निर्देश दिया गया है कि इन दोनों के विरूद्ध मसौली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई जाए।

संबंधित समाचार