Bareilly : गोली लगते ही अक्ल आई ठिकाने...हाथ जोड़कर बोला दीपू, अब कभी यूपी नहीं आएंगे
बरेली, अमृत विचार। पुलिस ने शाही थाना क्षेत्र के बिहारीपुल के पास जब जवाबी कार्रवाई में रामनिवास उर्फ दीपू के पैर के घुटने में गोली मारी तो वह लहूलुहान होकर गिर गया। इसके बाद हाथ जोड़ कर जान की भीख मांगता रहा। इस दौरान का उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
इसमें वह हाथ जोड़े नजर आ रहा है। वह कहता सुनाई दे रहा है कि साहब मुझे माफ कर दो मैं कभी भी यूपी में नहीं आऊंगा। बाबा की पुलिस के आगे मैं कभी नहीं आउंगा। उसे घायलावस्था में एसओजी की टीम अपने कंधे पर लेकर जाती दिखाई दे रही है। जबकि, आरोपी लंगड़ाते हुए दिख रहा है। पूरे वीडियो में वह हाथ जोड़े दिख रहा।
दो शूटरों को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर 11 सितंबर को फायरिंग करने के मामले में वांछित लोहड्डा और वाजिदपुर गांव के एक-एक लाख रुपये के इनामी नाबालिग शूटरों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्होंने अभिनेत्री के घर की रेकी करने के बाद पहली रात हुई फायरिंग को अंजाम दिया था। फायरिंग के मामले में एसटीएफ की मुठभेड़ में गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े शूटर रविन्द्र और अरुण पहले ही ढेर किए जा चुके हैं।
इसमें बागपत जिले के लोहड्डा और वाजिदपुर गांव के दो नाबालिग फरार थे। इन पर बरेली पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी की जानकारी होते ही दोनों के परिजनों ने एनकाउंटर होने का खतरा जताते हुए पुलिस के सामने हंगामा भी किया। दोनों नाबालिग इनामी शूटरों में से एक 11वीं कक्षा का छात्र है, तो दूसरा 12वीं पास करने के बाद पिता के साथ खेती-बाड़ी कर रहा था।
