कानपुर में रफ्तार का कहर: सड़क हादसों में तीन की गई जान, परिजनों में कोहराम
कानपुर, अमृत विचार। अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। तेज गति वाहनों की टक्कर से घायल दो युवकों ने दम तोड़ा, जबकि अपनी ही बाइक रपटने से घायल ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मैनपुरी के थाना बिछवा सांडा कुरावती निवासी 28 वर्षीय देवेश ट्रक चालक था। बड़े भाई अशनेष ने बताया कि 19 सितंबर की शाम सात बजे भाई पनकी स्थित साइट नंबर तीन में फैक्ट्री में माल लोड करने आया था।
ट्रक लोड होने के बाद वह खाना खाने के लिए पैदल निकला। हाईवे पार करते समय किसी वाहन ने टक्कर मारी दी। गंभीर रूप से घायल देवेश को पनकी पुलिस ने हैलट में भर्ती कराया, जहां इलाज शुरू होते ही कुछ देर बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मूलरूप से कानपुर देहात के रनिया उमरन गांव निवासी 25 वर्षीय आदित्य यादव एक फैक्ट्री में काम करता था। चाचा जय सिंह ने बताया कि आदित्य गुजैनी के रविदासनगर निवासी बड़े भाई राहुल के साथ रहता था।
उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को वह बाइक से जा रहा था, तभी सरायमीता पुलिया के पास किसी तेज गति वाहन ने टक्कर मार दी थी। आदित्य के सिर पर गंभीर चोट आई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।
इसी तरह महाराजपुर के सत्तनपुरवा निवासी शिवकुमार का 20 वर्षीय बेटा संदीप रूमा स्थित अगरबत्ती की फैक्ट्री में काम करता था। पिता ने बताया कि शुक्रवार रात वह हाईवे होते घर लौट रहा था, तभी बारिश में उसकी बाइक रपट गई। जिससे गिरकर उसके सिर पर गंभीर चोट आई। सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
