Barabanki News: तीन दिन में नहीं दिया जवाब तो हो जाएगी सेवा समाप्त, दो शिक्षामित्र एक अनुदेशक को मिली अंतिम चेतावनी
बाराबंकी, अमृत विचार। निर्वाचन से जुड़ा अति आवश्यक कार्य करने में घोर लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई का दौर जारी है। दो शिक्षामित्र व एक अनुदेशक को अंतिम चेतावनी जारी की गई है। तीन दिन में स्पष्टीकरण प्रस्तुत न करने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरु की जाएगी। बताते चलें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 19 अगस्त से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य चल रहा है और यह कार्य 29 सितंबर को समाप्त हो जाएगा।
इस कार्य के लिए बीएलओ की तैनाती करते हुए सर्वे कार्य कराया जा रहा है। बीएलओ ड्यूटी के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की संख्या सबसे ज्यादा रही और इनमें तमाम ने ड्यूटी से किनारा कर लिया। 33 शिक्षकों को अंतिम नोटिस दी गई। इसके बावजूद कईयों ने जवाब तक नहीं दिया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विकास खंड मसौली की दो शिक्षिकाओं को बीएसए के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया।
इसी क्रम में ब्लाक हरख के प्राथमिक विद्यालय जैनाबाद के शिक्षामित्र सत्यनाम, प्रावि सहेलिया के शिक्षामित्र रामसिंह व ब्लाक मसौली के कंपोजिट विद्यालय सैदाबाद के अंशकालिक अनुदेशक सुशील वर्मा ने एक माह बीतने के बावजूद न बीएलओ ड्यूटी ज्वाइन की न बीएलओ एप ही लागिन किया। बीएसए की ओर से इन्हे अंतिम नोटिस जारी की गई है। तीन दिन में स्पष्टीकरण न मिलने पर इनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरु की जाएगी।
