Lucknow Football League: शिवनाथ और सुशांत की धमाकेदार खेल से लखनऊ फॉल्कंस ने दर्ज की बड़ी जीत, टेक्ट्रो क्लब ने भी दिखाया दम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ फुटबॉल लीग के सुपर लीग मुकाबलों में शनिवार को रोमांचक खेल देखने को मिला, जहां लखनऊ फॉल्कंस क्लब और टेक्ट्रो लखनऊ क्लब ने एकतरफा जीत दर्ज कर अपने अभियान को आगे बढ़ाया। इकाना इंटरनेशनल फुटबॉल स्टेडियम पर खेले गए पहले मुकाबले में लखनऊ फॉल्कंस ने स्पोर्ट्स कॉलेज को 6-0 से हराया, जबकि दूसरे मैच में टेक्ट्रो क्लब ने एक्स स्टूडेंट मेंस यूनाइटेड क्लब को 3-0 से मात दी।

पहले मुकाबले की शुरुआत से ही लखनऊ फॉल्कंस ने आक्रामक खेल दिखाया। खेल के 13वें मिनट में शिवनाथ ने शानदार गोल करते हुए टीम का खाता खोला। स्पोर्ट्स कॉलेज ने 1-0 से पिछड़ने के बाद बराबरी की तमाम कोशिश की, लेकिन रणनीति और तालमेल की कमी के कारण यह संभव नहीं हो सका। इसका फायदा उठाते हुए, 34वें मिनट में सुशांत ने साथी खिलाड़ी के मिले बेहतरीन पास को गोल में बदलते हुए फॉल्कंस की बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद 44वें मिनट में एक बार फिर शिवनाथ ने गोल कर स्कोर को 3-0 किया। दूसरे हाफ में भी फॉल्कंस का दबदबा कायम रहा। 47वें मिनट में शिवनाथ ने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की। इसके बाद जर्बरसन ने 55वें और बीरबल ने 77वें मिनट में गोल दागकर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। फॉल्कंस ने यह मैच 6-0 के बड़े अंतर से अपने नाम किया।

वहीं दूसरे मुकाबले में टेक्ट्रो लखनऊ क्लब और एक्स स्टूडेंट मेंस यूनाइटेड क्लब आमने-सामने थे। शुरुआत में दोनों टीमों ने आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन टेक्ट्रो की रणनीति ज्यादा प्रभावी साबित हुई। 36वें मिनट में उत्कर्ष, 52वें मिनट में कमल, और 64वें मिनट में रितिक ने गोल कर टेक्ट्रो को 3-0 की बढ़त दिलाई और अंत तक यही स्कोर कायम रहा। रविवार को दिलकुशा स्टेडियम में दो मुकाबले होंगे इसमें पहला मुकाबला उजेय क्लब बनाम उत्तर प्रदेश पुलिस और दूसरा मुकाबला एक्स लखनऊ फॉल्कन रिवर्ज क्लब बनाम स्पोर्ट्स कॉलेज के बीच कैंट स्थित दिलकुशा स्टेडियम में खेले जाएंगे।

यह भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री मोदी आज शाम 5 बजे करेंगे राष्ट्र को संबोधित... क्या होगी कोई महत्वपूर्ण घोषणा?

संबंधित समाचार