Balrampur News ललिया थाने में तैनात दरोगा की मौत, सीतापुर के मूल निवासी थे उपनिरीक्षक आशीष कुमार कनौजिया
बलरामपुर, अमृत विचार। ललिया थाना में तैनात उपनिरीक्षक आशीष कुमार कनौजिया (37) की इलाज के दौरान रविवार की रात जिला संयुक्त चिकित्सालय में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उपनिरीक्षक की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। हालत में सुधार न होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मूल रूप से सीतापुर जिले के कनवा खेड़ा गांव निवासी आशीष कुमार 2013 बैच के मृतक आश्रित कोटे से पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। उनके ससुर ने बताया कि आशीष पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और इलाज चल रहा था। शनिवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के छोटे भाई अंकित कुमार ने बताया कि रात में सूचना मिलते ही वह अपनी भाभी रूबी और 10 वर्षीय भतीजे शौर्य के साथ तत्काल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस विभाग में भी साथी अधिकारियों व जवानों ने उपनिरीक्षक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
