Azam Khan: सपा नेता आजम खां की रिहाई का आया आदेश, 23 महीने बाद कल सीतापुर जेल से होंगे रिहा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर, अमृत विचार। वरिष्ठ सपा नेता आजम खां मंगलवार सुबह सीतापुर कारागार से रिहा किये जाएंगे। रिहाई का आदेश कारागार प्रशासन को देर शाम मिला। जिसकी पुष्टि कारागार अधीक्षक ने की है। आजम खां 23 महीने से सीतापुर कारागार में निरुद्ध हैं।

बताते हैं कि उनकी रिहाई का आदेश सोमवार शाम साढ़े पांच बजे के बाद आया, ऐसे में उन्हें मंगलवार सुबह छोड़ा जाएगा। कारागार अधीक्षक सुरेश सिंह के मुताबिक, रामपुर कोर्ट से आए रिहाई आदेश को क्रॉस चेक किया जाना विभागीय व्यवस्था का अंग है। बेल आर्डर का जेल रिकार्ड में मिलान भी कराया जा रहा है। 

आजम खां के वकील बोले- भेजा जा चुका है परवाना

आजम खां के वकील इमरानुल्लाह का कहना है कि जिस मामले में जमानत हुई है। उस रिहाई का परवाना सीतापुर कारागार भेजा गया है। देर होने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है, इसलिए रिहाई मंगलवार को होगी। कहा कि जो धाराएं बढ़ाई गई हैं, उनमें अब तक कस्टडी नहीं ली गई है।

1 साल 11 महीने और 4 दिन से हैं बंद

आजम खां 1 साल 11 महीने और 4 दिन से सीतापुर कारागार में निरुद्ध हैं। सबसे पहले वे वर्ष 2020 में रामपुर जेल गए थे। वहां से इन्हें सीतापुर स्थानांतरित किया गया। वर्ष 2022 में जेल से जमानत पर बाहर आए लेकिन 2023 में अभियोग पंजीकृत होने पर आजम खां ने रामपुर कोर्ट में सरेंडर किया। जिसके बाद इन्हें पुन: सीतापुर कारागार में निरुद्ध किया गया। 

परिवार पर दर्ज हुए 165 अभियोग

आंकड़ों पर नजर डालें, वर्ष 2022 तक आजम खां पर 87 मुकदमें दर्ज थे। जबकि इनके पुत्र अब्दुल्ला आजम 43 अभियोग पंजीकृत हुए। आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा पर 35 मामले दर्ज हुए। परिवार पर वर्ष 2022 तक 165 मामले दर्ज हुए।

 

संबंधित समाचार