10 लाख दीपों से रोशन होंगे काशी के अर्धचंद्राकार घाट.... देव दीपावली को भव्य बनाने में जुटी योगी सरकार
लखनऊ/वाराणसी, अमृत विचार: देव दीपावली पर दीपों की माला पहने हुए काशी के अर्धचंद्राकार घाटों की अलौकिक व अद्भुत छटा दिखाई देगी। योगी सरकार इसे ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियों में जुट गई है। प्रांतीय मेला के रूप में घोषित देव दीपावली 5 नवंबर को मनाई जाएगी। घाटों को 10 लाख से अधिक दीपों से रोशन किये जाने की योजना है। इनमें से करीब एक लाख दीप गाय के गोबर से बने होंगे।
देव दीपावली के अनुपम दृश्य को देखने बड़ी संख्या में देशी और विदेशी मेहमान काशी आते हैं। देव दीपावली पर लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी भी होगी। संयुक्त निदेशक (पर्यटन) दिनेश कुमार ने बताया कि देव दीपावली पर 10.10 लाख दीपों से गंगा के घाट रोशन किये जाएंगे। इसके अलावा घाटों को फसाड लाइट और इलेक्ट्रिक लाइट से रोशन किया जाएगा।
1 से 4 नवंबर तक होगा गंगा महोत्सव
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक ने बताया कि देव दीपावली से पहले 1 से 4 नवंबर तक राजघाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। इसके अलावा चेत सिंह घाट पर लेज़र शो के माध्यम से काशी से जुड़ी धार्मिक कथाएं दिखाई जाएंगी।
यह भी पढ़ेंः आजम खान को लेने पहुंचे पुत्र और समर्थक... लेकिन अटकी रिहाई, जानें क्या है असल वजह
