बाराबंकी: भगवान लक्ष्मी नारायण मंदिर का हुआ भव्य लोकार्पण, होसबोले ने कहा- मंदिर केवल उपासना नहीं, सांस्कृतिक चेतना का केंद्र
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। बरेठी स्थित भगवान लक्ष्मी नारायण मंदिर का लोकार्पण मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। समारोह में वैदिक रीति से पूजा-अर्चना कर मंदिर को विधिवत जनसामान्य के लिए खोल दिया गया।
इस अवसर पर श्री होसबोले ने कहा कि मंदिर केवल पूजा उपासना का स्थान नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना का ऊर्जा केंद्र होते हैं। भगवान सर्वत्र विद्यमान हैं, लेकिन मंदिर में जाकर उनकी उपस्थिति का प्रत्यक्ष अनुभव होता है। कार्यक्रम में मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण भी श्री होसबोले के हाथों किया गया। इस अवसर पर संस्थान के उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी अभिषेक गुप्ता ने वेबसाइट की जानकारी दी।
समारोह का संचालन विपिन सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी श्रावस्ती अजय द्विवेदी ने स्वागत भाषण देकर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। विशिष्ट अतिथि संत निष्ठा साहब ने सनातन धर्म के मूल्यों और विचारधारा के बारे में बताया।
इस भव्य कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष प्रभु नारायण, प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, पूर्व सांसद उपेंद्र रावत, एमएलसी अवनीश सिंह पटेल, विधायक साकेंद्र वर्मा, अनूप ठक्कर, महेंद्र मोदी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य, महामंत्री संदीप गुप्ता सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, क्षेत्रीय निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
