बदायूं : बेटे-पोते समेत तीन की मौत पर बुजुर्ग पिता ने भी तोड़ा दम

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

एक साथ उठी परिवार के चार लोगों की अर्थी, परिजनों में मचा चीत्कार

बिल्सी, अमृत विचार: एक ही परिवार के दो बच्चे समेत तीन लोगों की हरियाणा में सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलते ही एक मृतक के बुजुर्ग पिता की भी हार्टअटैक से मौत हो गई। सोमवार को एक परिवार की तीन अर्थियां उठीं। पूरे गांव में शोक मच गया। ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।

कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव गुधनी निवासी शिवदयाल के चार बेटे ओमपाल, अर्जुन, राजेंद्र और जसवीर (30) हैं। चारों बेटे अपने परिवार के साथ पंजाब के होशियारपुर में रहकर भरण पोषण कर रहे थे। गांव में शिवदयाल अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। दो अक्टूबर को उनके बेटे ओमपाल की बेटी आदेश कुमारी की शादी निर्धारित हुई थी। परिवार में शादी की तैयारी चल रही थी। जिसके चलते जसवीी अपने परिवार के साथ रविवार को पंजाब से पिकअप से बदायूं लौट रहे थे। रात लगभग 11 बजे करनाल और पानीपत के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में शिवदयाल के सबसे छोटे बेटे जसवीर, गांव राज बरौलिया निवासी रोहित (10) पुत्र जोगेंद्र और संध्या (6) पुत्र राजेंद्र की मौके पर मौत हो गई। पिकअप सवार एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भेज दिया। मृतकों के शव सोमवार को गांव पहुंचे। शव देखते ही शिवदयाल को हार्टअटैक आ गया। परिजन उन्हें चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार रात तीनों के शव गांव पहुंचे। एक साथ परिवार में चार लोगों की मौत से गांव में सन्नाटा पसर गया। गांव निवासी ओमपाल ने बताया कि जसवीर होशियारपुर में रहकर मजदूरी करते थे। वह शादी की वजह से लौट रहे थे कि रास्ते में हादसा हो गया। गांव में सभी शवों का अंतिम संस्कार किया गया। रोहित के शव का अंतिम संस्कार उनके गांव और पिता-पुत्र व बच्चे का अंतिम संस्कार गुधनी स्थित श्मशान भूमि पर किया गया।

संबंधित समाचार