रामपुर : सीतापुर जेल से लेकर रामपुर तक आजम खां का स्वागत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

करीब सौ गाड़ियों के काफिले के साथ लौटे रामपुर

रामपुर, अमृत विचार: मंगलवार को जमानत के बाद जेल से रिहा होने के बाद सपा नेता आजम खां का सीतापुर जेल से लेकर रामपुर तक समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। सुबह से ही सैंकड़ों समर्थक गाड़ियों के काफिले के साथ सीतापुर जेल पहुंच गए थे। दोपहर करीब 12:20 बजे सीतापुर जेल से बाहर आए तो समर्थकों का खुशी का ठिकाना ना रहा, हालांकि कड़ी पुलिस सुरक्षा के चलते सीतापुर जिले से गाड़ियों को रोका नहीं गया। रास्ते में कई जिलों में उनका जोरदार स्वागत हुआ।

रामपुर जिले में प्रवेश करते ही मिलक, धमोरा, शहजादनगर सहित पूरे शहर में उनका जोरदार स्वागत हुआ। शाम करीब 6:20 बजे रामपुर के घेर मीरबाज खां टंकी नंबर-पांच स्थित आवास पर पहुंचे तो समर्थकों ने फूल बरसाकर उनका जोरदार स्वागत किया। समर्थकों ने आजम खां जिंदाबाद के नारे लगाए। समर्थकों ने उनके आने की खुशी में मिठाई बांटी। शहर का महौल बदल  गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात रहे। 23 माह से सीतापुर जेल में बंद सपा नेता आजम खां मंगलवार दोपहर को सीतापुर जेल से जमानत पर रिहा होने के वह कार से परिजनों और समर्थकों के साथ रवाना हुए। शाम को साढ़े चार बजे रामपुर सीमा में प्रवेश करने के बाद उनके समर्थकों ने कई जगह जोरदार स्वागत किया। घर पहुंचते ही आजम खां जिंदाबाद और आजम खां संघर्ष करों हम तुम्हारे साथ नारे लगाए। उसके बाद आजम खां ने हाथ हिलाकर सभी का शुक्रिया अदा। आजम को देख उनकी पत्नी के आंखों से आंसू आ गए। इस दौरान उनके रिश्तेदार और समर्थक मौजूद रहे। उनके घर पर उनके समर्थकों ने मिठाइयां बांटी। उनके घर को लाइटों से सजाया गया। चारों ओर लोग ही लोग नजर आ रहे थे। देर शाम को आजम खां के पहुंचने के बाद लोग खुश हुए।

जुर्माना जमा नहीं होने से हुए रिहाई में देरी
दो मामलों में जुर्माना जमा नहीं होने पर आजम खां की रिहाई में देरी हो गई। सपा नेता आजम खां के रिहाई परवाने सीतापुर में सोमवार शाम को पहुंच गए थे, लेकिन जब जेल में कागजी कार्रवाई हुई तो उसमें दो मामलों में जुर्माना जमा करने के कागजात नहीं मिले। उसके बाद मंगलवार सुबह को होने वाली रिहाई को रोक दिया गया। दस बजे कोर्ट खुलने के बाद आजम खां के अधिवक्ताओं ने जुर्माना किया। उसके बाद मेल के माध्यम से रसीद भेजी गई। फिर दोपहर में आकर उनको जमानत पर जेल से बाहर निकाला।

सांसद रुचि वीरा सहित समर्थक पहुंचे सीतापुर
मंगलवार को आजम खां को लेने के लिए मुरादाबाद की सपा सांसद रुचि वीरा, आजम खां का बड़ा बेटा अदीब आजम, पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खां, आसिम राजा, जिलाध्यक्ष अजय सागर, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, आसिम खां सहित सैंकड़ो समर्थक मौजूद रहे।  

पुराने तेवर में नजर आए आजम खां
सपा नेता आजम खां भाजपा सरकार में दो बार जेल जा चुके हैं, मंगलवार को जेल से लौटे तो वही पुराने तेवर में नजर आए। लाल बाल और जेब में लगा बॉल पैन था तो गाड़ी में खड़े होकर समर्थकों की हाथ हिलाया। सपा सरकार जाने के बाद सूबे में आई भाजपा सरकार ने आजम खां की घेरा बंदी करके उनके ऊपर 100 मुकदमें लिखवाए गए थे। जिस कारण से वह 2020 में 27 माह जेल में रहे थे। जबकि सात साल की कैद होने के बाद 19 अक्टूबर 2023 को वह फिर से जेल चले गए थे। जिसके बाद 23 माह बीतने के बाद मंगलवार को वह सीतापुर जेल से बाहर आए,लेकिन उनका पुराना स्टाइल अब तक कायम रहा। 

सोशल मीडिया तक पर छाए रहे आजम
मंगलवार दोपहर को सीतापुर जेल से बाहर आते ही आजम खां सोशल मीडिया पर छा गए। कई उनके समर्थकों ने उनके पुराने फोटो और वीडियो निकालकर सोशल मीडिया डाले तो वहीं कुछ लोगों ने उनके नए फोटो कार में बैठे हुए वायरल कर  दिए। उनके समर्थकों में काफी  उत्साह दिखाई दिया। बहुत से लोगों ने तो होली और ईद एक साथ मनाने का  वीडियो वायरल कर दिया।

100 गाड़ियों का काफिला हाईवे से गुजरता रहा
आजम खां के चाहने वालों की लिस्ट अभी कम नहीं हुई है।उनके जेल से बाहर आने की जानकारी मिलने के बाद आजम खां को लेने के लिए लोग सीतापुर तक पहुंच गए थे। उनके जेल से बाहर आने जब  कार से  रवाना हुए तो उनका काफिला धीरे धीरे करके बढ़ता चला गया। माना जा रहा है कि उनके काफिले में 100 से ज्यादा गाड़ियां थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनके चाहने वालों में अभी कमी नहीं हुई है।

जेल से बाहर आते ही प्रदेशभर रही चर्चा
आजम खां के बसपा में जाने की अटकलों को लेकर सुबह से ही चर्चाओं का बाजार गर्म था। ऐसे में आजम खां के जेल से बाहर आते ही प्रदेश स्तर पर मुद्दा छा गया। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, उनके चाचा शिवपाल यादव, सांसद चंद्रशेखर आजाद ने आजम खां के जेल से बाहर आने पर खुशी जताई। अखिलेश यादव ने सरकार आने पर सभी मुकदमे खत्म करने की बात कही। वहीं उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कटाक्ष करते हुए कहा कि आजम खां सपा में रहे या बसपा में 2027 में हार का मातम मनाएंगे। जबकि नगीना के सांसद चंद्रशेखर उनको पार्टी में स्वागत करने के लिए तैयार है।

बोले आजम खां पहले खुद का इलाज कराऊंगा
सीतापुर जेल से रामपुर आते समय आजम खां ने कई जगह मीडियाकर्मियों से बातचीत की। इसमें उन्होंने किसी सियासी बयान से इंकार किया है। उन्होंने पहले वो अपना इलाज कराएंगे। इसके बाद राजनीतिक कार्यों में सक्रिय होंगे।

संबंधित समाचार