पीलीभीत : PTR के हाथियों का नया ठिकाना होगा मुस्तफाबाद, बनेगा स्थायी एलीफेंट कैंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व हथिनी निसर्गा समेत चारों हाथियों का नया ठिकाना मुस्तफाबाद होगा। मुस्तफाबाद रेंज में चारों हाथियों के नया स्थाई कैंप बनाया जाएगा। यहां हाथियों के सुरक्षित रहने के लिए शेड समेत अन्य कार्य कराए जाएंगें। बता दें कि चारों हाथी अभी तक टाइगर रिजर्व की माला रेंज स्थित कैंप में रखे गए थे। टाइगर रिजर्व प्रशासन ने यह निर्णय पांचों रेंज कवर करने के उद्देश्य से लिया है, ताकि हाथियों की जरुरत पड़ने पर उन्हें तत्काल कम समय में संबंधित रेंज में भेजा जा सके।

जनपद के जंगलों को टाइगर रिजर्व का दर्जा मिलने के बाद यहां बाघ समेत अन्य वन्यजीवों में खासी बढ़ोतरी देखी जा रही है। जंगल में आबादी बढ़ने के साथ ही बाघ समेत अन्य वन्यजीवों ने जंगल से बाहर निकलकर आबादी क्षेत्रों की ओर दस्तक देनी शुरू कर दी। जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में इजाफा होने लगा। जंगल से बाहर घूम रहे बाघ-तेंदुआ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आक्रामक बाघों से निपटने के लिए हाथियों की कमी खासी महसूस की जा रही थी। 

अक्सर रेस्क्यू ऑपरेशनों के दौरान दुधवा टाइगर रिजर्व से हाथियों को लाया जाता रहा है। ऐसे में देश के अन्य राज्यों से पीलीभीत टाइगर रिजर्व में हाथियों को लाने की कवायद शुरू हुई, जोकि लंबे अंतराल तक चली। आखिकार नवंबर 2022 में लाखों रुपये खर्च कर कनार्टक से चार हाथियों को पीलीभीत टाइगर रिजर्व लाया गया था। 

इन हाथियों में एक मादा जबकि तीन नर हाथी हैं। माला रेंज में कैंप बनाकर हाथिनी निसर्गा समेत सूर्या, मणिकांत और भीम को रखा गया है। शुरूआती दौर में भाषाई दिक्कत के चलते कर्नाटक से महावतों को भी बुलाया गया था। वक्त बीतने के साथ हाथियों ने स्थानीय भाषा भी सीख ली और अब चारों हाथी टाइगर रिजर्व के महावतों की देखरेख में कैंप में रह रहे हैं।

प्रोजेक्ट टाइगर के फंड से होगा स्थायी कैंप का निर्माण
टाइगर रिजर्व प्रशासन के मुताबिक सभी चारों हाथियों को अभी तक माला रेंज में बने कैंप रखा गया है। कुछ रेंजों की दूरी माला रेंज से काफी अधिक है। ऐसे में यदि किसी आपात स्थिति के दौरान अन्य रेंजों में इन हाथियों की जरूरत पड़ती है तो उन्हें ले जाने में खासा समय लगेगा। ऐसे में टाइगर रिजर्व प्रशासन ने अब इन चारों हाथियों को मुस्तफाबाद रेंज में रखने के निर्णय लिया है। इसके लिए मुस्तफाबाद रेंज में नया एलीफेंट कैंप बनाया जाएगा। प्रोजेक्ट टाइगर के फंड से बनने वाले इस स्थाई कैंप में शेड के अलावा कई अन्य कार्य कराए जाएंगें।

संबंधित समाचार