पीलीभीत: गन्ने के खेत में भैंस को खींच ले गया बाघ, ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश
पीलीभीत, अमृत विचार। गजरौला क्षेत्र में बुधवार सुबह बाघ ने खेत में बंधी एक भैंस पर हमला कर दिया। बताते हैं कि बाघ ने भैंस को गन्ने के खेत में ले जाकर निवाला बना डाला। ग्रामीणों ने जब पगडंडी को खून पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। बाघ हमले की घटना के बाद से ग्रामीणों में खासी दहशत है।
बाघ हमले की घटना गजरौला क्षेत्र के गांव विधिपुर में बुधवार सुबह हुई। गांव निवासी किसान पप्पू पुत्र मोहन सुबह करीब आठ बजे धान के खेत पर गए थे। खेत जंगल से मात्र एक किमी की दूरी पर है। किसान अपने साथ भैंस भी ले गया। जहां उसने भैंस को चकरोड पर ही बांध दिया और पड़ोस के गांव लालपुर चला गया। इस बीच गन्ने के खेत से निकले बाघ ने भैंस पर हमला कर दिया। बताते हैं कि बाघ भैंस को 200 मीटर दूर गन्ने के खेत में खींच ले गया और निवाला बना डाला।
कुछ देर बाद जब किसान खेत की ओर लौटा तो उसने पगडंडी में खून पड़ा देखा तो उसके होश उड़ गए। किसान ने अनहोनी की आशंका पर शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। जिस पर तमाम ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। करीब एक घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
बताते हैं कि इस दौरान ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारी के बीच नोकझोंक भी हो गई। ग्रामीणों का आरोप था कि लगातार बाघ क्षेत्र में घूम रहे हैं, लेकिन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस संबंध में माला रेंज की गढा बीट के वन दरोगा राम भरत यादव ने बताया कि बाघ ने भैंस पर हमला किया है। टीम मौके पर पहुंची थी।
