UP : आजम खान को नकवी की सलाह, सियासत से पहले करें सेहत की चिंता
रामपुर, अमृत विचार। बुधवार को शंकरपुर स्थित आवास पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि आजम खां को जमानत के बाद अब सियासत से पहले अपनी सेहत की चिंता करनी चाहिए।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वैसे तो आज कल सियासी किसका सफर कब किधर का हो जाए। किधर को देखता रहे और किधर का हो जाए, जहां तक उनका सवाल है समाजवादी वसूल के साथ उनका सियासी वजूद बावस्ता है।
यह उन पर निर्भर करता है कि वह कौन सा राजनीतिक फैसला करते हैं, मुझे इस पर कोई भी टिप्पणी नहीं करनी। आई लव यू मोहम्मद के विवाद पर नकवी ने कहा कि मुल्क मेरी अस्मिता है और मुसलमान के नाते मोहम्मद साहब मेरी आस्था हैं। आई लव यू माय मुल्क, आई लव यू माय मोहम्मद पर विवाद नहीं है।
विवाद प्रदर्शन के पाखंड पर है। यह आस्था और अस्मिता का प्रश्न है। आस्था और अस्मिता की ताकत को अराजकता की आफत नहीं बनने देना चाहिए। इस तरह के प्रदर्शन के जरिए आस्था और अस्मिता को उद्दंडता और अराजकता का बंधक बनाने की कोशिश से बाज आना चाहिए।
कोसी पुल पर में प्रवेश के वक्त भाजपा कार्यकर्ताओं फूलमाला और पटका पहनकर स्वागत किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, राकेश मिश्रा, महासिंह राजपूत, टेकचंद गंगवार, पंकज लोधी, मोहन लोधी, कपिल आर्य, सोनू लोधी, अर्जुन रस्तोगी, प्रदीप गुप्ता, अनुज सक्सेना, आकाश सक्सेना, अजय सैनी, विक्रम सिंह, मोनू चौधरी आदि उपस्थित रहे।
