UP : रामपुर पहुंचे राकेश टिकैत बोले, मीडिया से दूरी बनाकर रहें आजम खान
रामपुर, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत बुधवार को रामपुर पहुंचे, उन्होंने सिविल लाइंस स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में मत्था टेका। मीडिया से बात करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
उन्होंने मीडियाकर्मियों से भी कहा कि आजम खां को चैन से रोटी खाने दे। कुछ बोलने पर सरकार फिर से उन पर कोई कार्रवाई कर सकती है। बोले कि पंजाब के बाढ़ ग्रस्त लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार के पास उतने संसाधन नहीं हैं। पंजाब के लोगों की हिन्दू, मुस्लिम और सिखों समेत सभी धर्मों के लोग मदद कर रहे हैं। भाकियू ने भी पंजाब के लोगों तक मदद पहुंचाने का काम किया है। तीन ट्रक खाद्यान्न 11 ट्रैक्टर और डीजल भेजा है। भाकियू नेता पूर्वाह्न करीब 11 बजे बरेली में महापंचायत कर लौट रहे थे, वह सिविल लाइंस स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंचे और मत्था टेका।
इस अवसर पर उनका प्रधान निर्मल सिंह और अवतार सिंह ने सरोपा और तलवार भेंट कर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि आजम खां जेल से छूटकर आ गए अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की हिंदू-मुस्लिम सभी ने मदद की है। कहा कि सरकार के पास इतनी मशीनरी नहीं है कि बाढ़ पीड़ितों की मदद कर सके। आम जनता ही बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रही है। कहा कि सिख समाज का आन्दोलनों में बड़ा योगदान रहा है। कहा कि भाकियू ने कई ट्रक सामान पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजा है। पंजाब के बाढ़ पीड़ितों को डीजल की बहुत जरूरत है।
टिकैत ने राहुल गांधी की तारीफ की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफा मांगा। कहा कि नौकरी वाला 60 साल में रिटायर होता है और राजनीति करने वाले 75 साल में भी रिटायर नहीं हो रहे हैं। किसानों की जमीन बचाने के लिए आंदोलन करते रहना जरूरी है। कहा हर शहर में बड़े बड़े मॉल खुल रहे हैं इसलिए छोटे दुकानदारों का कारोबार खत्म हो रहा है। जीएसटी कम करने पर बोले कि इससे किसानों को फायदा नहीं होगा।
इस मौके पर भाकियू के जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल, प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा, प्रदेश महासचिव हसीब अहमद, दरबार लाल शर्मा, मोहम्मद तालिब, इरशाद हुसैन, रामदास मौर्य, मुस्तकीम, राशिद चौधरी, दरयाब सिंह, राष्ट्रीय सचिव राजवीर सिंह जादौन, अशोक कुमार चौधरी, राहुल यादव, नाजिम सिद्दीकी, प्यारा सिंह, गुरदीप सिंह गिल, परमजीत सिंह, नृत्यजीत, लखवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। इसके बाद पंचायत में शामिल होने के लिए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए।
