मूर्ति विसर्जन पर निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर प्रतिबंध होंगे कड़े... सप्तमी तिथि से शहर में लागू होगा रूट डायवर्जन

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। नवरात्र की सप्तमी तिथि से जिले के सभी पूजा पंडालों में मां के द्वार श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए खुल जाएंगे। इस दौरान शहर का यातायात बदला बदला रहेगा। इसको लेकर यातायात पुलिस ने प्लान तैयार कर लिया है। सप्तमी तिथि से दशहरा तक शहर के सबसे व्यस्त इलाके चौक, रिकाबगंज, फतेहगंज, रीडगंज, नाका, बजाजा आदि में शाम पांच बजे से किसी प्रकार के वाहनों का प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वाहनों को डायवर्ट कर अन्य मार्गों से उनके गंतव्य को भेजा जाएगा। 

वहीं, दो अक्टूबर को दशहरा पर्व व मूर्ति विसर्जन को लेकर निकलने वाली शोभायात्रा के चलते सुबह आठ बजे से देर रात्रि विसर्जन होने तक शहर के कई मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल एंबुलेंस, आवश्यक सेवाओं के वाहन व मरीजों के वाहनों को ही आन-जाने की अनुमति होगी। इस दिन रोडवेज बसों का संचालन हाईवे के सहादतगंज बूथ नंबर एक से संचालित करने के लिए परिवहन निगम के अधिकारियों से बात की जा रही है।

इन रूटों में पर किया गया बदलाव 

एसपी यातायात एपी सिंह ने बताया कि इस दौरान शहर के मकबरा से फतेहगंज, मनूचा तिराहे से फतेहगंज, लालबाग रेलवे क्रॉसिंग से फतेहगंज, जीआईसी ओवरब्रिज से जीआईसी, रिकाबगंज चौराहे से कसाबबाड़ा व फतेहगंज, रिकाबगंज चौराहे से चौक, गुदड़ी चौराहे से चौक, रीडगंज चौराहे से चौक, फतेहगंज चौराहे से चौक, पुष्पराज चौराहे से पुलिस लाइन तिराहा, पुलिस लाइन तिराहे से रिकाबगंज, तहसील तिराहे से रोडवेज, टीवी टावर से हाइवे लखनऊ, हनुमानगढ़ी सहादतगंज से कैंट व गुप्तारघाट से निर्मली कुंड की ओर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। भीड़ बढ़ने पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान शहर में कई स्थानों पर यातायात प्रतिबंधित किया जाएगा।

ये भी पढ़े : महाराजा एक्सप्रेस से वृंदावन पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू... धार्मिक स्थलों का करेंगी दर्शन-पूजन, कुब्जा कृष्ण मंदिर 'महाआरती' में होगी शामिल

 

 

संबंधित समाचार