बलरामपुर: पीएनबी में 12 करोड़ का गबन, तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत दो गिरफ्तार
बलरामपुर, अमृत विचार। जनपद बलरामपुर की कोतवाली नगर पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक नहरबाजागंज शाखा में करोड़ों के गबन का खुलासा करते हुए तत्कालीन शाखा प्रबंधक महेश त्रिपाठी और पीएसपी कंस्ट्रक्शंस के संचालक समरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि दोनों ने मिलीभगत कर दर्जनों फर्जी लोन खाते खोलकर 12 करोड़ 03 लाख 37 हजार रुपये का गबन किया। चीफ मैनेजर, पंजाब नेशनल बैंक सर्किल ऑफिस अयोध्या द्वारा कराई गई जांच में यह मामला उजागर हुआ। जांच में पाया गया कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक महेश त्रिपाठी और उनके सहयोगियों ने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के जाली दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न लोन खाते खोले। इन खातों से गबन की गई धनराशि ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और नकद भुगतान के जरिए समरजीत सिंह की कंपनी पीएसपी कंस्ट्रक्शंस में पहुंचाई गई।
पुलिस के अनुसार, महेश त्रिपाठी ने 46 फर्जी लोन खातों के जरिए 8 करोड़ 09 लाख 87 हजार रुपये और 40 मुद्रा लोन खातों से 3 करोड़ 93 लाख 50 हजार रुपये का गबन किया। इस तरह कुल 12 करोड़ 03 लाख 37 हजार रुपये का सरकारी धन हड़प लिया गया। मामले में चीफ मैनेजर की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर एएसपी विशाल पांडेय व सीओ नगर ज्योतिश्री के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह की टीम ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय रवाना कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश त्रिपाठी पुत्र राम अधार त्रिपाठी, निवासी लखनऊ, तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक पीएनबी नहरबाजागंज बलरामपुर और समरजीत सिंह पुत्र पंचम सिंह, निवासी गोण्डा, संचालक पीएसपी कंस्ट्रक्शंस के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह के साथ उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक लवकुमार, कांस्टेबल रवि कुमार, कांस्टेबल पूजा भारती और कांस्टेबल विनय कुमार शामिल रहे।
