कानपुर: खत्म हुआ इंतज़ार, अब सपा की सियासत को मिलेगी धार?... इरफ़ान सोलंकी को मिली जमानत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शैलेश अवस्थी/कानपुर। पूर्व विधायक इरफ़ान सोलंकी की ज़मानत मंज़ूर होने के बाद कानपुर सपा में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है l एक तरफ तो उनके स्वागत की तैयारी है तो दूसरी तरफ कई सवाल भी उठ रहे हैं l यह एक संयोग ही है कि सपा के कद्दावर नेता आज़म खां के बाद अब इरफ़ान को भी ज़मानत मिल गई l

बीते 17 सितंबर को महाराजगंज से पेशी पर आए इरफ़ान सोलंकी का आत्मविश्वास चरम पर था l वह खुश मुद्रा में बेगम नसीम के बगल में चल रहे थे और मीडिया का शुक्रिया अदा कर बोले थे कि "जल्द बाहर आऊंगा और वापस चुनाव लड़ूंगा" l यह भी कहा था कि हम दोनों विधायक बनेंगेl यह पूछने पर कि दोनों कैसे? तब बोले थे एक विधायकी और दूसरा सांसदी लड़ेगाl

उनकी बेगम का चेहरा भी ख़ुशी से लबरेज था और देखिये सात दिन बाद इरफ़ान को ज़मानत मिल ही गई और अब सब ठीक रहा तो वह दो-तीन दिन बाद जेल से बाहर भी आ जाएंगे l सोलंकी पिछले कोई तीन साल से जेल में हैं, उन पर दिसंबर 2022 में गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई की गई थी और इसके पहले भी उन पर कई मुक़दमें दर्ज़ हुए थे l लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद अब उन्हें बेल तो मिल गई, लेकिन एक मामले में सज़ा के बाद उनकी विधानसभा की सदस्यता चली गई थी l

इस बीच सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हुआ l सपा ने इरफ़ान की पत्नी को टिकट दिया और वह कोई आठ हज़ार मतों से जीत गईं और शायद यहीं से सोलंकी परिवार के अच्छे दिन शुरू हो गए l नसीम ने बेहद समझदारी, विनम्रता और ख़ामोशी से अपनी सियासी पारी शुरू की, न कोई बयानबाज़ी और न ही शोरशराबा l वह इरफ़ान की पैरवी में जुटी रहीं l इसी के साथ जनता ने मुहर लगा दी कि सोलंकी परिवार की लोकप्रियता कम नहीं हुई है और दूसरी तरफ पार्टी भी उनके साथ मजबूती से खड़ी है l 

अब सवाल है कि रिहाई के बाद इरफ़ान के राजनीति का तौरतरीका क्या होगा ? वह पहले की तरह तेवर में रहेंगे या फिर वक्त की नज़ाकत के मद्देनज़र अपने को बदलेंगे ? वह अपना सियासी सफर किस तरह सेट करेंगे? यदि पार्टी उन्हें 27 में टिकट देती है तो किस क्षेत्र से? सीसामऊ से लड़ते हैं तो क्या नसीम राजनीति से हाथ जोड़ कर घर-गृहस्थी संभालेंगी या फिर कोई और सीट चुनेंगी?

क्या पार्टी दोनों को टिकट देगी? यदि ऐसा हुआ तो फिर क्या वह छावनी या फिर आर्यनगर से मैदान में उतरेंगी ? अगर एक परिवार से दो टिकट दिए गए तो फिर क्या अन्य दावेदारों को नगवार नहीं गुज़रेगा ? इस मुद्दे पर अब सपा के सियासी हल्के में खासी हलचल है l कई और दावेदार भी हैं जो बेचैन हैं l इस मामले में पार्टी के नेता फिलहाल चुप्पी साधे हैं l उनका कहना है कि यह तो अभी दूर की बात है l पार्टी तय करेगी l

ख़ुशी, स्वागत की ज़ोरदार तैयारी..

सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी का कहना है कि इरफ़ान को जमानत मिलने से ख़ुशी है l अभी कानूनी प्रक्रिया बाकी है l रिहाई में दो-तीन दिन लग सकते हैं l पार्टी उत्साहित है l उनका ज़ोरदार स्वागत किया जाएगा l इसके बाद जो पार्टी निर्णय लेगी, उसके मुताबिक काम किया जाएगा l

संबंधित समाचार