बाराबंकी: शादी के मंडप में हुआ बवाल, तो बहन के देवर ने अचानक भर दी दुल्हन की मांग, जानें फिर क्या हुआ...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। शहर से सटे बंकी कस्बे के उत्तर टोला मोहल्ले में बुधवार रात एक शादी का मंडप अचानक विवाद का केंद्र बन गया। सात फेरे और मंगलगीत की तैयारी के बीच दहेज और रस्मों को लेकर मतभेद ने माहौल गरमा दिया। इसी दौरान दुल्हन की मांग उसकी बहन के देवर ने सबके सामने भर दी, जिससे बारात वापस लौट गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

दुल्हन मोहिनी ने आरोप लगाया कि दूल्हा पक्ष ने उससे डेढ़ ग्राम सोने की अंगूठी और आर्थिक मांग की। उन्होंने कहा कि उनके पिता मजदूरी करते हैं और इतने महंगे गहने देने में असमर्थ थे। जब बारात मंडप पहुँची, तो वह रोने लगी, तभी उनकी बहन के रिश्तेदार ने मांग भर दी। 

दुल्हन की बड़ी बहन कोमल ने बताया कि दूल्हा पक्ष डेढ़ लाख रुपये की मांग कर रहा था। जब लड़की पक्ष ने बताया कि वे गरीब हैं, तो उन्हें धमकियाँ दी गई। इस बीच, मांग भरने वाले युवक ने बंकी चौकी पुलिस को बताया कि लड़की बारात लौटते समय उनके पास आई और बोली कि वह उनसे शादी करना चाहती है। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे, इसलिए उन्होंने सबके सामने मांग भर दी। 

वहीं दूल्हे के पिता शिवकुमार सोनी ने कहा कि वो बारात लेकर 8:30 बजे पहुँचे। आरोप लगाया कि वहां हर महिला से 501 रुपये और दूल्हा उतराई में 5,001 रुपये की मांग की गई। कहा कि उन्हें प्रताड़ित किया गया और अचानक किसी और से लड़की की मांग भर दी गई। 

घटना की सूचना मिलने पर नगर कोतवाली क्षेत्र की बंकी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा शांत कराया। मांग भरने वाले युवक को हिरासत में लेकर बयान दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सचाई जल्द सामने आएगी

संबंधित समाचार