बरेली : खाने के रुपयों से ले आया शराब, विवाद होने पर कर दी हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सलीम हत्याकांड...दो सौ रुपये देकर खाना लेने भेजा था, 100 का नहीं दिया था हिसाब

बरेली, अमृत विचार: पीरबहोड़ा में मजदूरी करने वाले युवक के सिर में ईंट मारकर हत्या करने वाले दो दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने दो सौ रुपये देकर सलीम को खाना लेने भेजा था। लेकिन, वह सौ रुपये की शराब ले आया और बचे सौ रुपयों का हिसाब नहीं दे पाया। इस पर हुए विवाद के बाद उसके सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम खानपुर थाना कोतवाली जनपद औरैया निवासी रफीक उर्फ बबलू और पीरबहोड़ा निवासी गुड्डू उर्फ तौहीद के रूप में हुई है। दोनों को जेल भेज दिया गया।

पीरबहोड़ा स्थित पेट्रोल पंप के पास रहने वाले हसमुद्दीन ने मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि उनका साला सलीम उर्फ हीरो अधिक शराब पीने का आदी था। वह देर रात तक रोजाना दोस्तों के साथ शराब पीता था। वह सोमवार रात भी दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी बीच उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही थी। दोनों को गुरुवार को विलयधाम पुल के पास से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रफीक उर्फ बबलू ने पूछताछ में बताया कि वह मोहल्ला पीरबहोड़ा में रहकर मजदूरी करता है। उसकी दोस्ती सलीम उर्फ हीरो और गुड्डू उर्फ तौहीद से हो गई थी। तीनों रोजाना साथ बैठ कर शराब पीते थे। घटना वाले दिन भी तीनों ने वहीं तख्त पर बैठकर शराब पी। इसके बाद सलीम उर्फ हीरो को दो सौ रुपये खाना लाने के लिए दिया। वह काफी देर बाद सिर्फ एक क्वाटर शराब लेकर लौटा। तीनों ने उसे भी पिया। इसके बाद बचे सौ रुपये का खाना लेकर आने को कहा, लेकिन वह बचे सौ रुपये का हिसाब नहीं दे पाया। इसे लेकर उनमें विवाद हो गया। दोनों ने गुस्से में सलीम उर्फ हीरो को थप्पड़ मार दिया। इस पर उसने ईंट उठाकर दोनों पर हमला करना चाहा, लेकिन दोनों ने सीमेंट की ईंट उठाकर सलीम उर्फ हीरो के सिर में दो बार वार किए, जिससे वह बेहोश होकर तख्त पर गिर गया। इसके बाद उसके चेहरे पर भी ईंट से वार कर हत्या कर दी गई। दोनों घबरा गए और पेट्रोल पंप पर गार्ड के पास गए। गार्ड ने वहां से धमका कर भगा दिया। इज्जतनगर थाना प्रभारी बिजेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

संबंधित समाचार