बदायूं : तस्करी करने वाली महिला समेत तीन गिरफ्तार, अफीम बरामद
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सीएल गुप्ता कॉलेज के पास से किया गिरफ्तार
विजय नगला, अमृत विचार: एंटी नारकोटिक्स टीम ने बिनावर पुलिस के साथ मिलकर अफीम की तस्करी करने वाले महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तीन किग्रा अफीम बरामद हुई। तीन आरोपियों के रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेजा गया है।
गुरुवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे मुखबिर ने टीम को बरेली-मथुरा राजमार्ग स्थित सीएल गुप्ता कॉलेज के पास अफीम की खरीद-फरोख्त होने की सूचना दी। एंटी नारकोटिक्स टीम और पुलिस ने जाल बिछाया। खरीद के दौरान मौके से एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से अवैध अफीम, एक बाइक और रुपये बरामद हुए। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले गई। उन्होंने अपना नाम झारखंड के जिला चतरा के थाना पथलगड्डा क्षेत्र के गांव पनेश कुमार पुत्र नीरो महतो, चतरा क्षेत्र के गांव गिदौर निवासी खैमिनी देवी पत्नी जसवंत और बदायूं के थाना बिनावर क्षेत्र के गांव सिरसवां निवासी विवेक शर्मा पुत्र शिवकुमर बताया। पनेश कुमार झारखंड से अफीम लाकर शिव कुमार को बेचता था। साथ ही पंजाब में भी अफीम ले जाता है। गुरुवार को अफीम सप्लाई करने खैमिनी देवी के साथ बदायूं आया था। शिव कुमार ने अपने बेटे विवेक शर्मा को अफीम खरीदने भेजा था। पुलिस ने तीनों का गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लगभग 30 लाख रुपये कीमत की तीन किग्रा अफीम, तीन मोबाइल, 3.60 लाख रुपये बरामद हुए। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी में एक महिला समेत तीन लोगों का गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।
