बरेली: लाठीचार्ज के बाद सौदागरान पहुंची आक्रोशित भीड़, सुब्हानी मियां ने समझाया अपने शहर में अमन कायम रखना आपकी जिम्मेदारी
बरेली, अमृत विचार। इस्लामिया के पास सैकड़ों की संख्या में पहुंची भीड़ और उसके बाद हुए लाठी चार्ज में बड़ी तादाद में युवा घायल हुए। जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोग सौदागरान स्थित दरगाह आला हजरत पहुंचे। यहां दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां ने लोगों से शांति की अपील की।
आई लव मोहम्मद पर छिड़े विवाद के बाद आला हजरत खानदान से संबंध रखने वाले मौलाना तौकीर रजा ने जुमा की नमाज के बाद अधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने का ऐलान किया था। उनके इस आह्वान के बाद सैकड़ों की तादाद में भीड़ ने शुक्रवार को इस्लामिया का रुख किया। जगह-जगह बैरिकेडिंग के बावजूद सैकड़ों लोग नारेबाजी करते हुए इस्लामिया और नौमेहला के आसपास पहुंच गए। लिहाजा भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकारी। जिसमें काफी लोग घायल हो गए। पुलिस के लाठी चार्ज से लोगों में आक्रोश था। सभी दरगाह आला हजरत पहुंचे। यहां दरगाह से जुड़े संगठन टीटीएस के लोगों ने मोर्चा संभाला। परवेज नूरी आदि लोगों ने लोगों को समझने का प्रयास किया। इसके बाद दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां घर से बाहर निकलकर आए और लोगों को मुखातिब किया। उन्होंने लोगों को समझाया कि ये पाना शहर है। यहां शांति कायम रखनी है। लोगों से उन्होंने नारेबाजी नहीं करने की अपील की। उन्होंने भीड़ को समझाया कि अधिकारियों से बात हुई है। जिन मुस्लिम नौजवानों को चोटें आई हैं उनकी प्राथमिक उपचार कराया जाएगा। इसके अलावा जिन थानों में भी युवाओं को हिरासत में लिया गया है उनको छोड़ा जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति के साथ घर जाने की अपील की।
मौलाना समेत आईएमसी के कई नेता नजरबंद
पुलिस ने दोपहर से आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को नजर बंद कर रखा था। आईएमसी के डॉक्टर नफीस ने बताया कि उनको बिहारीपुर में और मौलाना तौकीर को फाइक इंक्लेव में नजरबंद किया है। पुलिस के इस रवैए पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
लाठी चार्ज के बाद बाजार हुआ बंद
पुलिस ने जब लाठियां भांजी तो भगदड़ का माहौल हो गया। इस्लामिया, कुतुबखाना, सब्जी मंडी, पंजाबी मार्केट में व्यापारियों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। सारे शहर के अंदर तनाव का माहौल कायम रहा। पुलिस का पहरा पूरे शहर में कायम था।
