गोंडा न्यूज: राजकीय इंजीनियरिंग कालेज में अव्यवस्थाओं का अंबार, छात्र-छात्राओं ने किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। जिले के मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज के गर्ल्स हॉस्टल की छत पर बृहस्पतिवार की रात ड्रोन उड़ता दिखाई देने और छत पर किसी अज्ञात की चहलकदमी की आहट से छात्राएं दहशत में आ गयी। डर के मारे छात्राओं ने 112 पर फोन किया तो पुलिस पहुंची लेकिन वह गेट से ही वापस लौट गयी। अज्ञात खतरे और भय से छात्राओं की सांस अटकी रही और वह पूरी रात जागती रहीं। सुबह होते ही उनका आक्रोश फूट पड़ा और वह कालेज कैंपस में धरने पर बैठ गयीं।

छात्राओं को धरने पर बैठा देख छात्र भी उनके समर्थन में आ गए और फिर जमकर नारेबाजी हुई। कालेज के शिक्षकों ने समझाने की कोशिश की लेकिन छात्राएं अपनी मांग पर अड़ी रही। करीब दो घंटे बाद जब कालेज के डायरेक्टर ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया तो छात्राओं ने धरना खत्म किया। हालांकि छात्राओं ने कहा कि अगर शाम तक बिजली व सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए तो वह अपनी बात को उच्च अधिकारियों के पास ले जाने को बाध्य होंगी‌।‌

जिले के मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज इसी सत्र से प्रारंभ हुआ है‌‌। कालेज कैंपस में बने गर्ल्स हॉस्टल में करीब तीन सौ की संख्या में छात्राएं हैं लेकिन इन छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नहीं है। वहीं बिजली कटौती ने इन छात्राओं की मुसीबत और बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार की पूरी रात हॉस्टल से बिजली गुल रही वहीं आधी रात हॉस्टल की छत पर ड्रोन उड़ता देख छात्राएं दहशत में गयी।

अंधेरे में उन्होने किसी तरह हिम्मत कर छत पर देखने की कोशिश की तो वहां किसी व्यक्ति की चहलकदमी सुनकर वह सभी डर गयीं। इसको लेकर सुबह छात्राएं धरने पर बैठ गयीं और विरोध प्रदर्शन करते हुआ कालेज में सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

छात्रा मुस्कान, प्रियांशी ने बताया कि बीते 48 घंटे से कालेज में बिजली नहीं है‌। दिन में कुछ देर के लिए बिजली आई थी लेकिन रात में फिर से गुल हो गयी। छात्राओं ने बताया कि आधी रात के करीब हॉस्टल की छत पर तीन ड्रोन कैमरे उड़ते हुए दिखाई दिए। इसके बाद छत पर किसी के चलने की आवाज भी सुनाई दी। अंधेरे में इस तरह की घटना होने पर छात्राएं दहशत में आ गयीं। उन्होने तत्काल कालेज की वार्डेन और डायल 112 पर इसकी सूचना दी।

पुलिस मौके पर गयी लेकिन वह गेट से ही जांच पड़ताल कर वापस हो गयी। छात्राओं का कहना है कि पुलिस हॉस्टल की छत पर जाकर जांच करती तो यह पता चलता कि छत पर कौन था लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया। डर और दहशत में छात्राएं पूरी रात जागती रहीं। उनकी मांग है कि कालेज में तत्काल सुरक्षा, बिजली व पानी की व्यवस्था की जाए।  

cats

कालेज के डायरेक्टर प्रो बीएन मिश्रा का कहना है कि रात में छात्राओं ने छत पर ड्रोन उड़ता देखा और किसी की चहलकदमी भी सुनाई दी इसको लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। प्रशासन को भी सूचित किया गया है। बिजली की व्यवस्था के लिए वैकल्पिक जेनरेटर की व्यवस्था कराई जा रही है। वहीं कालेज में एक अक्तूबर से 10 सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती हो जायेगी। तब तक के लिए गार्ड की भी वैकल्पिक व्यवस्था कराई जा रही है। 

दो दिन पहले ही यहां पहुंचे हैं छात्र-छात्राएं

मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज की कक्षाएं अब तक अंबेडकर नगर जिले में संचालित हो रही थीं। इस शैक्षिक सत्र से इन कक्षाओं को यहां शिफ्ट किया गया है।  कालेज में प्रवेश लेने वाले छात्र छात्राओं को अगस्त से यहां पर रहना था लेकिन व्यवस्था पूरी न होने के कारण उन्हें दो महीने तक कालेज आने से रोका गया था। दो दिन पहले कालेज प्रशासन के बुलाने पर छात्र छात्राएं यहां पहुंची है। कालेज के गर्ल्स हॉस्टल में करीब तीन सौ छात्राएं रहेंगी। अधिकतर छात्राएं यहां पहुंच भी चुकी है लेकिन कालेज की व्यवस्था अभी भी अधूरी है।

 

संबंधित समाचार