बाराबंकी: देवा मेला के नाम पर वसूली पत्र वायरल, जानें पूरे मामला
बाराबंकी, अमृत विचार। देवा में दवा व्यापारी समिति का एक पत्र चर्चा सोशल मीडिया पर वायरल है। इस पत्र के जरिए कथित रूप से देवा मेला सचिव यानी एसडीएम व डीआई के निर्देश पर दवा विक्रेताओं से देवा मेला के लिए दो से पांच हजार रुपये अंशदान जमा करने की अपील की गई है। वहीं एसडीएम की ओर से ऐसे किसी निर्देश से इंकार करते हुए समिति पदाधिकारियों से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है।
बताते चलें कि देवां व्यापारी समिति के अध्यक्ष मोहम्मद उबैद और उपाध्यक्ष हरीलाल यादव व राजा निगम द्वारा 24 सितंबर को देवा क्षेत्र के दवा विक्रेताओं को एक पत्र जारी किया गया, जिसमें सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से देवां मेला एवं प्रदर्शनी समिति के लिए 2 से 5 हजार रुपये तक का नकद अंशदान जमा करने को कहा गया और एसडीएम व औषधि निरीक्षक के निर्देश का हवाला दिया गया।

इस पत्र के वायरल होते ही तहसील प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। गुरुवार को एसडीएम आनंद तिवारी की ओर से समिति पदाधिकारियों को जारी पत्र में स्पष्ट किया गया कि इस तरह का कोई निर्देश जिला प्रशासन या मेला समिति की ओर से जारी नहीं किया गया है।
नोटिस में यह भी कहा गया कि वे 24 घंटे के भीतर अपनी ओर से स्थिति स्पष्ट करें वरना इस तरह के अवैध वसूली के प्रयासों में संलिप्त होना मान लिया जाएगा। चेतावनी दी गई कि यदि मामला सही पाया गया तो संबंधितों के खिलाफ थाना स्थानीय में प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
