बाराबंकी: एंबुलेंस चालक लापता, नहर में चला सर्च अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। गुरसेल माता मंदिर के दर्शन कर वापस आ रहा 108 एंबुलेंस चालक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। शारदा सहायक नहर पटरी पर युवक के चप्पल व झोला मिला। परिजनों ने नहर डूबने की आशंका जताई हैं। 

मोहम्मदपुर खाला थाना अंतर्गत कस्बा निवासी ज्ञानेंद्र मिश्रा उर्फ रामजी 40 पुत्र स्व. भागवत शरण मिश्रा तीन भाईयों में सबसे छोटे हैं। वह 108 एंबुलेंस में चालक के पद पर तैनात हैं लेकिन पिछले कुछ समय से वह बीमार चल रहे थे। 

गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे वह फतेहपुर थाना स्थित गुरसेल माता मंदिर के दर्शन करने की बात कह करके निकले लेकिन देर शाम वापस नहीं लौटे, तो परिवारजनों ने उनकी खोज शुरू की। तभी सुढियामऊ-फतेहपुर मार्ग से होकर गुजरी शारदा सहायक डबल नहर की पटरी पर चप्पलें और झोला मिला है। जिसके चलते घर वालों ने पैर फिसलने से डूबने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी है। 

मौके पर पहुंची फतेहपुर और मोहम्मदपुर खाला थाना की पुलिस ने पहले स्थानीय गोताखोरों से युवक की तलाश कराई, लेकिन सफलता न मिलने पर एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। शुक्रवार को एनडीआरएफ टीम ने घंटों सर्च अभियान चलाकर युवक को खोजने का प्रयास किया लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।

संबंधित समाचार