सुलतानपुर: वनरोज से टकराकर बाइक सवार शिक्षक की मौत, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर माधवपुर छतौना गांव के पास शुक्रवार को वनरोज से टकराकर बाइक सवार सहायक अध्यापक की मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी जयसिंहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक लखनऊ विकासनगर सेक्टर-6 निवासी राजीव लारेंस मोतिगरपुर विकास क्षेत्र के भदिला खानीपुर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत थे। वह सुलतानपुर विनोवापुरी में पत्नी और बच्चों के साथ किराये के मकान में रहते थे। शुक्रवार को विद्यालय से लौटते वक्त माधवपुर छतौना गांव के पास अचानक वनरोज सामने आ गया। बाइक से टकराने पर वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हेलमेट पहनने के बावजूद सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों के मुताबिक मृतक की पत्नी लवी सिंह दूबेपुर ब्लॉक के भोंयें पठार प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो जुड़वा बेटियां रेजल व रेशल छोड़ गए हैं। हादसे से शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

संबंधित समाचार