रामपुर : कार डिवाइडर से टकराई, एक नेपाली की मौत, 11 घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बिलासपुर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, मचा हा-हाकार

बिलासपुर, अमृत विचार: नैनीताल हाईवे पर एक तेज रफ्तार टैक्सी कार डिवाइडर से टकरा गई। जिससे उसमें सवार तीन बच्चों व ड्राइवर सहित 11 नेपाली यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि घायलों का उपचार जारी है।

कोतवाली क्षेत्र में उत्तराखंड बॉर्डर के नजदीक इंदरपुर रेलवे क्रॉसिंग के फ्लाईओवर पर यह हादसा गुरुवार रात करीब 11 बजे हुआ, बताया जाता है कि एक अर्टिगा टैक्सी कार में सवार होकर 11 नेपाली नागरिक महेंद्रनगर से दिल्ली जा रहे थे। इन यात्रियों में एक ड्राइवर व तीन बच्चे भी थे। अचानक तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर के डिवाइडर से जा टकराई। इससे तेज आवाज हुई और साथ ही उसमें बैठे यात्रियों की चीख-पुकार भी सुनाई देने लगी। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।सूचना मिलते ही रुद्र-बिलास चौकी प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में सभी घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर सीमा पर स्थित एक ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर ने घायलों में शामिल एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। नेपाल के महेंद्रनगर निवासी मृतक का नाम रन सिंह (60) पुत्र जग्गे सिंह है।घायलों में नेपाल के कैलाली निवासी भरत(25) पुत्र जगत व उनकी पत्नी दुर्गा खत्री(23), पुत्री रूबी(5) व पुत्र विवान(6), झलारी महेंद्र नगर निवासी कविता(33) पुत्री लाल बहादुर व अस्मिता(17) पुत्री जीत बहादुर तथा गुड़गांव के अशोक विहार निवासी राधा(35) पत्नी दीपेन्द्र व उनकी पुत्री आराध्या (4) आदि शामिल हैं। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घायलों का नारायण ट्रॉमा सेंटर व गौतम हॉस्टिपल में उपचार चल रहा है। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में कर लिया गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार