पीलीभीत: नेपाली हाथियों ने उजाड़ी झोपड़ी, रौंदी फसलें, किसानों ने किया शोर-शराबा, तब कहीं भागे
माधोटांडा, अमृत विचार: पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बराही रेंज से सटे फैजुल्लागंज गांव में गुरूवार रात नेपाली हाथियों ने जमकर तांडव किया। उग्र हाथियों ने एक किसान की झोपड़ी तहस नहस कर दी। साथ ही खेतों में खड़ी धान, गन्ना और सोयाबीन की फसल को भी रौंद डाला। ग्रामीणों ने शोर-शराबा कर बमुश्किल हाथियों को भगाया। जंगली हाथियों की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
दरअसल फैजुल्लागंज गांव बराही रेंज के जंगल से सटा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब सप्ताह भर पहले नेपाली हाथियों का एक झुंड जंगल में पहुंचा है। बताते हैं कि गुरूवार रात हाथियों को झुंड गांव फैजुल्लागंज के पास जा पहुंचा। यहां हाथियों ने सबसे पहले तो किसान शिव शंकर की खेत में बनी झोपड़ी को तोड़ डाला। इसके बाद हाथियों ने राकेश के खेत में खड़ी धान और सोयाबीन, माखन के खेत में हल्दी, धान और गन्ने और रामाशीष के खेत में खड़ी गन्ने की फसल को रौंद डाला। जंगली हाथियों के आने की भनक पर ग्रामीण एकत्र हुए और शोर-शराबा कर बमुश्किल हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। वन विभाग की ओर से हाथियों से बचाव के लिए कोई इंतजाम न किए जाने से ग्रामीणों में खासा रोष है। इस संबंध में बराही रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी अरुण मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि हाथियों की निगरानी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
