Kanpur News: जिंदगी से मायूस युवक ने ट्रेन के आगे कूद दी जान, बोली पत्नी- बच्चों को स्कूल लेने जाना है, उसके बाद बताते हैं
कानपुर, अमृत विचार। घरेलू कलह से टूटे युवक ने शुक्रवार सुबह झांसी रेलवे लाइन पर गुजैनी पुल के नीचे ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। खबर पाकर पहुंची पनकी पुलिस ने मृतक की उंगलियों से उसके मोबाइल का फिंगर लॉक खोला। घरवालों को हादसे की खबर दी। उसके अपनों के जवाब से खिन्न पुलिसकर्मी ने पोस्टमार्टम हाउस पर अपनी पीड़ा जताई।
पुलिस ने कहा, घोर कलयुग है। कोई अपना नहीं। पिता ने कहा बेदखल कर चुके हैं, नहीं आ सकते। पत्नी ने कहा बच्चों को स्कूल लेने जाना है। उसके बाद बताते हैं। आखिर में छोटा भाई अपने मित्रों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा और शव लेकर गया।
गुजैनी के अंबेडकरपुरम निवासी अनिल शर्मा के दो बेटों में बड़ा 40 वर्षीय राज बर्रा-आठ रामगोपाल चौराहा के पास किराए पर कमरा लेकर पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। राज पनकी एलएमएल चौराहा के पास फैक्ट्री में नौकरी करता था। दो बच्चे अंश व कृष्णा हैं। 10 साल पहले उसकी शादी जाजमऊ की पूजा से हुई थी। छोटे भाई रवि ने बताया कि राजू घरेलू कलह से प्रताड़ित था। घर में आए दिन कलह होती थी।
गुरुवार दिन में भी उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान देना चाहा था, लेकिन बच गया। शुक्रवार सुबह काम के लिए निकला और झांसी रेलवे लाइन पर गुजैनी हाईवे के नीचे ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। रवि के अनुसार कलह भी राजू की कमाई को लेकर थी, क्योंकि कम कमाई का ताना देकर ही भाभी विवाद करती थी। इसी तनाव में वह शराब पीने लगा था।
वहीं सुबह करीब पौने बारह बजे पनकी थाने में तैनात सिपाही पुलिस जीप से शव लेकर पोस्टमार्टम पहुंचा तो उसने अफसोस जताया। कहा, रिश्ते-नाते कुछ नहीं हैं। हादसे की खबर पाकर राजू के पिता ने जवाब दिया कि उसे बेदखल कर चुके हैं। जब बताया गया कि वह दुनिया से बेदखल हो गया तो बोले खाना खाने जा रहे हैं।
हमसे नहीं उसकी पत्नी को बताओ। जब पत्नी को बताया तो उसने कहा उसके पिता व भाई को बताओ। बच्चों को स्कूल लेने जा रहे हैं। दोपहर करीब दो बजे राजू का भाई रवि अपने मित्रों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा और पोस्टमार्टम के बाद शव ले गया। रवि के अनुसार पिता और भाभी घर पर हैं। शव वहीं ले जाएंगे।
