बाराबंकी : बाल वैज्ञानिक पूजा पाल के माथे एक और उपलब्धि, गांव में बनेगा इंटर कॉलेज, क्षेत्र में फैलेगा शिक्षा का उजियारा, छाई खुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूजा की मेहनत लाई रंग, गांवी की बेटियों को मिला शिक्षा का तौहफा

बाराबंकी, अमृत विचार। गेहूं की मड़ाई के दौरान थ्रेसर से निकलने वाली धूल से निजात दिलाने वाले नवाचार के लिए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कर चुकी बाल वैज्ञानिक पूजा पाल के गांव बिरौली में अब राजकीय बालिका इंटर कॉलेज स्थापित होगा। यह कॉलेज वहां की उन बालिकाओं के लिए शिक्षा के नए अवसर खोलेगा, जो अभी तक पढ़ाई के लिए कई किलोमीटर दूर जाती थीं। पूजा ने इसे जापान जाने से भी ज्यादा खुशी देने वाला पल बताया है।

दरअसल खाद्य व रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा की कोशिशों से प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत बिरौली ग्राम पंचायत में कॉलेज खोलने का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा गया था। प्रस्ताव में लगभग तीन करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया। भूमि का चिह्नांकन भी उच्च प्राथमिक विद्यालय अगेहरा के बगल कर किया गया।

हालांकि प्रस्ताव में कुछ त्रुटियों के कारण संशोधन के लिए वापस राज्य सरकार को आया है, जिसे सुधारकर जल्द ही दोबारा केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। प्रधान प्रतिनिधि अनिल कुमार ने बताया कि इस कॉलेज के खुलने से दरियाबाद, रामनगर और जैदपुर क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा का लाभ मिलेगा। वर्तमान में बिरौली समेत आस-पास की ग्राम पंचायतों की छात्राओं को हाईस्कूल और इंटर की पढ़ाई के लिए सफदरगंज, रामनगर और दरियाबाद जाना पड़ता है।

कॉलेज के लिए प्रस्ताव मंजूर होने पर क्षेत्र की बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और शिक्षा का स्तर बेहतर होगा। यह प्रयास महिला शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा... सतीश चंद्र शर्मा, राज्यमंत्री।

उच्च प्राथमिक विद्यालय अगेहरा में पढ़ाई के दौरान शिक्षक राजीव श्रीवास्तव अक्सर कहा करते थे कि कुछ ऐसा करो कि तुम्हारे गांव में ही कॉलेज खुल जाए। आज उनकी कही हुई बातें सच हो गई हैं। मेरे लिये यह किसी सपने कम नहीं है। जापान जाने से भी बड़ी खुशी मुझे अब मिली है... पूजा पाल, बाल वैज्ञानिक।

संबंधित समाचार