Chandigarh News: आतंकवादी परमिंदर सिंह पिंडी अबू धाबी, यूएई से भारत प्रत्यर्पित 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के घनिष्ठ समन्वय और सहयोग से बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकवादी परमिंदर सिंह पिंडी को अबू धाबी, यूएई से भारत प्रत्यर्पित किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि पिंडी विदेश स्थित आतंकवादी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और हैप्पी पासिया का करीबी सहयोगी है और बटाला-गुरदासपुर क्षेत्र में पेट्रोल बम हमलों, हिंसक हमलों और जबरन वसूली सहित कई जघन्य अपराधों में शामिल है। 

डीजीपी यादव ने बताया कि बटाला पुलिस द्वारा अनुरोधित रेड कॉर्नर नोटिस (आरसीएन) पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एक समर्पित चार सदस्यीय टीम 24 सितम्बर 2024 को यूएई गई, विदेश मंत्रालय और यूएई अधिकारियों के साथ समन्वय किया, सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और आरोपी को सफलतापूर्वक न्याय के कटघरे में वापस लाया। उन्होंने कहा कि यह सफल प्रत्यर्पण आतंकवाद और संगठित अपराध के प्रति पंजाब पुलिस की शून्य-सहिष्णुता नीति के साथ-साथ इसकी उन्नत जांच क्षमताओं और वैश्विक पहुंच को रेखांकित करता है। डीजीपी यादव ने कहा, "हम न्याय को बनाए रखने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मज़बूत करने के इस संयुक्त प्रयास में उनके अमूल्य सहयोग के लिए केंद्रीय एजेंसियों, विदेश मंत्रालय और संयुक्त अरब अमीरात सरकार के आभारी हैं।" 

यह भी पढ़ेंः Operation Sindoor: पाकिस्तान ने भारतीय सेना के आगे की संघर्ष विराम करने की गुजारिश, भारत ने पाक के कई दावों को किया खारिज

 

संबंधित समाचार